
Fetus In Fetus Case: उत्तर प्रदेश के बरेली से चिकित्सा विज्ञान का एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों ने तीन महीने के एक बच्चे के पेट से करीब आठ सप्ताह का विकसित भ्रूण सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचाई। यह मामला चिकित्सा विज्ञान में "फीटस इन फीटू" (Fetus in Fetu) नामक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति से जुड़ा है, जो दुनिया भर में बहुत कम बच्चों में देखने को मिलती है।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के कलान निवासी दुर्गेश और उनकी पत्नी राधा के बेटे को जन्म के कुछ समय बाद से ही दूध पीने के बाद लगातार उल्टी होने लगी। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन बच्चे को बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों को बच्चे के पेट में गांठ जैसी संरचना दिखाई दी। अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन में लिवर के नीचे एक असामान्य संरचना मिली। शुरुआत में डॉक्टरों को टेराटोमा ट्यूमर होने की आशंका थी, लेकिन विस्तृत जांच के बाद मामला कहीं अधिक दुर्लभ निकला।
यह भी पढ़ें: यहीं बनी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, 71 साल से रेलवे का भविष्य बदल रही है यह फैक्ट्री
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. राजीव अग्रवाल और उनकी टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का फैसला लिया। करीब दो घंटे तक चली जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के पेट से लगभग आठ सप्ताह का विकसित भ्रूण सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है और डॉक्टरों के अनुसार अब वह खतरे से बाहर है।
डॉ. राजीव अग्रवाल के मुताबिक, फीटस इन फीटू एक बेहद दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसमें जुड़वां भ्रूणों में से एक पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता और दूसरे भ्रूण के शरीर के अंदर ही बढ़ने लगता है। यह स्थिति करोड़ों में किसी एक मामले में देखने को मिलती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर सही जांच, सटीक पहचान और विशेषज्ञ सर्जरी के कारण इस बच्चे की जान बचाई जा सकी। बरेली में हुआ यह सफल ऑपरेशन न केवल चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, बल्कि आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें: रोनाही टोल पर रुकी स्पोर्ट्स कार, अंदर मिला ऐसा सामान कि अधिकारियों के उड़ गए होश
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।