
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां 45 साल के एक डॉक्टर की उनके ही फ्लैट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कर्नाटक के चिरायु अस्पताल में एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होनन्नवर (45) के तौर पर हुई है। उनका आठ साल का बेटा भी चाकू के हमले में बुरी तरह घायल है और उसे अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी डॉ. प्रियंका को हिरासत में ले लिया है। प्रियंका खुद भी एक ऑप्थेलमोलॉजिस्ट (आंखों की डॉक्टर) हैं और उनसे पूछताछ चल रही है।
यह पूरी घटना धारवाड़ के एक हाई-सिक्योरिटी फ्लैट कॉम्प्लेक्स में हुई। हुबली-धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे लगे कि कोई बाहरी व्यक्ति फ्लैट में आया था। घटना के वक्त फ्लैट में सिर्फ डॉ. किरण, उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका और उनका बेटा ही मौजूद थे। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे पारिवारिक झगड़ा हो सकता है।
मामला तब सामने आया जब डॉ. किरण के रिश्तेदार उन्हें लगातार फोन कर रहे थे। रिश्तेदारों के मुताबिक, जब भी उन्होंने फोन किया, प्रियंका ने बहाना बना दिया। कभी कहा कि वो आराम कर रहे हैं, तो कभी कहा कि बाहर गए हैं। शाम तक भी जब किरण से बात नहीं हो पाई, तो रिश्तेदारों को शक हुआ। वे सीधे फ्लैट पर पहुंचे तो देखा कि डॉ. किरण खून से लथपथ पड़े हैं। पास के ही दूसरे कमरे में उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हालत में मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर का शव और घायल बच्चा फ्लैट के दो अलग-अलग कमरों में थे। फ्लैट के अंदर क्या हुआ, यह पता लगाने के लिए पुलिस ने गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर ने यह भी बताया कि हिरासत में ली गई डॉ. प्रियंका बार-बार अपने बयान बदल रही हैं। हत्या की असली वजह जानने के लिए पुलिस दोनों परिवारों से भी जानकारी जुटा रही है। फ्लैट के CCTV फुटेज की भी जांच की जाएगी।
डॉ. किरण के रिश्तेदारों का आरोप है कि हत्या प्रियंका ने ही की है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सब-अर्बन पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह और यह कब हुई, इसका ठीक-ठीक पता चल पाएगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।