
Bhopal Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और उससे सटे मंडीदीप (रायसेन) के इलाके से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे के होश उड़ा दिए हैं। कटारा हिल्स पुलिस ने एक ऐसे सनकी और साइको किलर को दबोचा है, जिसने समलैंगिक संबंध बनाने के बाद एक बेकसूर युवक की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सतलापुर निवासी रोहित (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है, जो मंडीदीप की एक फैक्ट्री में काम करता था। बीते 24 मई की रात रोहित अपनी नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन 11 मील बायपास स्थित इकोलॉजिकल पार्क के पास एक पुलिया के नजदीक उसकी मुलाकात भोपाल के रहने वाले आरोपी सुरेश (बदला हुआ नाम) से हो गई। किसे पता था कि यह मुलाकात रोहित की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगी।
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के अनुसार, आरोपी सुरेश बेहद शातिर और साइको प्रवृत्ति का इंसान है। उसने पहले बातों-बातों में रोहित को अपने विश्वास में लिया और उसे खाना खिलाया। इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर इकोलॉजिकल पार्क के पास पुलिया के नीचे एक बेहद सुनसान अंधेरी जगह पर ले गया। वहां सुरेश ने रोहित के साथ जबरन समलैंगिक संबंध बनाने की कोशिश की। जब रोहित ने इस अमानवीय कृत्य का पुरजोर विरोध किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया। रोहित के विरोध से बौखलाए आरोपी ने पहले उसे जोरदार धक्का देकर जमीन पर गिराया, उसके साथ जबरदस्ती की और फिर अपनी पहचान छिपाने व सबूत मिटाने के लिए पास में पड़े एक भारी पत्थर से रोहित के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण तड़प-तड़प कर रोहित की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद इस साइको किलर ने मर्डर को एक साधारण सड़क हादसा दिखाने के लिए एक शातिर साजिश रची। उसने मृतक रोहित की एक्टिवा को घटनास्थल से काफी दूर सड़क किनारे कंटीले तारों के पास ले जाकर खड़ा कर दिया। साजिश को पुख्ता करने के लिए उसने गाड़ी की चाबी को दूर झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि पुलिस और देखने वाले इसे एक एक्सीडेंट समझें। इसके बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के लिए यह ब्लाइंड मर्डर केस बन चुका था, लेकिन हत्यारे की एक छोटी सी गलती भारी पड़ गई। सुरेश ने लूटा हुआ मोबाइल फोन एक दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने जब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाला और मोबाइल सर्विलांस के जरिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए, तो मोबाइल की लाइव लोकेशन ने सीधे हत्यारे का पता बता दिया।
सुरेश की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने सामान्य प्रक्रिया के तहत उसका मेडिकल परीक्षण कराया, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट ने जांच एजेंसियों के पैरों तले से जमीन खिसका दी। आरोपी सुरेश खतरनाक रूप से एचआईवी (HIV) संक्रमित पाया गया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने भोपाल को डरा दिया है। आरोपी सुरेश ने कबूल किया कि वह पिछले कई सालों से पुरुषों के साथ असुरक्षित संबंध बना रहा है और एचआईवी संक्रमित होने की बात जानने के बाद उसने समाज से बदला लेने का टारगेट बना लिया था। वह ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस जानलेवा बीमारी से संक्रमित करना चाहता था।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह हर रोज भोपाल के सबसे व्यस्त इलाकों—न्यू मार्केट और वीआईपी (VIP) रोड पर घंटों घूमता था ताकि नए पार्टनर तलाश सके। अगर वहां कोई नहीं मिलता, तब जाकर वह मिसरोद स्थित अपने घर लौटता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अब तक 50 से अधिक लोगों के सीधे संपर्क में आ चुका है। इस खुलासे के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब पूरी तरह से एक्टिव मोड पर आ गए हैं। सुरेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया है, जिससे पता चला कि वह 2023 में भी एक युवक के साथ गलत काम करने के मामले में आठ महीने और एक अन्य मामले में तीन महीने जेल काट चुका है।
प्रशासन अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रहा है कि जेल से छूटने के बाद वह किन-किन लोगों के संपर्क में आया था, ताकि उन सभी की काउंसलिंग कर तत्काल स्वास्थ्य जांच कराई जा सके और शहर में इस साइलेंट किलर द्वारा फैलाए गए संक्रमण को रोका जा सके। फिलहाल, कोर्ट ने आरोपी को सख्त धाराओं के तहत जेल भेज दिया है, लेकिन भोपाल की सड़कों पर फैले इस खौफ के साए ने सबको अलर्ट कर दिया है।
कटारा हिल्स थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे आरोपी का वास्तविक मकसद क्या था और उसके संपर्क में आए लोगों की संख्या कितनी है। इस मामले ने भोपाल में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।