
9/11 Attack CIA Documents: अमरीकी खुफिया एजेंसी CIA ने 9/11 आतंकी हमलों की 25वीं बरसी के मौके पर कई संवेदनशील और सीक्रेट इंटेलिजेंस दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। इन फाइलों से एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के निशाने पर सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि भारत भी शामिल था। सीआईए की प्रेसिडेंशियल इंटेलिजेंस ब्रीफ (PDB) से पता चलता है कि 1998 के दौर में ही बिन लादेन भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।
जारी किए गए दस्तावेजों में 28 अगस्त 1998 का एक खास खुफिया मेमो शामिल है, जिसका शीर्षक था "बिन लादेन का आतंकवादी नेटवर्क अभी भी एक बड़ा खतरा है"। इस मेमो में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को सतर्क किया गया था कि बिन लादेन भारत समेत पाकिस्तान, मिस्र, सऊदी अरब, यमन, कुवैत और नाइजीरिया जैसे देशों में हमले की फिराक में है। हालांकि, इस रिपोर्ट में किसी तय तारीख या भारत के किसी खास शहर या ठिकाने का नाम उजागर नहीं किया गया था, लेकिन यह साफ था कि अल-कायदा का नेटवर्क भारत को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
NEW: Osama Bin Laden intends to carry out a terrorist attack in India, CIA officials wrote in President Bill Clinton’s classified daily intelligence briefing in August 1998 pic.twitter.com/rlbKfIibwc
— Shashank Mattoo (@MattooShashank) September 12, 2026
28 अगस्त 1998 के ब्रीफ का शीर्षक था, “Bin Laden Terrorist Network Still a Threat”। इसमें कहा गया था कि बिन लादेन मिस्र, कुवैत, सऊदी अरब, यमन, भारत, पाकिस्तान, युगांडा और संभवतः नाइजीरिया में हमले करना चाहता था। इस दस्तावेज में यह भी बताया गया कि बिन लादेन के पास कम से कम 60 देशों में मौजूद लोगों और सहयोगी संगठनों का नेटवर्क था, जिसका इस्तेमाल आतंकी हमलों के लिए किया जा सकता था। हालांकि खुफिया जानकारी के स्रोत को दस्तावेज में छिपा दिया गया है।
CIA के आकलन के मुताबिक, अगस्त 1998 में अफगानिस्तान और सूडान में अमेरिकी मिसाइल हमलों के बाद भी बिन लादेन और उसके सहयोगी बच गए थे। उसका कम्युनिकेशन नेटवर्क काम कर रहा था और कुछ आतंकी कैंपों में ट्रेनिंग फिर शुरू हो गई थी। ब्रीफ में यह भी कहा गया कि अमेरिकी हमलों से कुछ घंटे पहले बिन लादेन अमेरिका और ब्रिटेन के खिलाफ आगे के हमलों के विकल्प तलाश रहा था। हालांकि उस समय किसी खास लक्ष्य या हमले की तारीख की जानकारी नहीं थी।
11 सितंबर 2001 को अल-कायदा के 19 आतंकियों ने चार यात्री विमानों का अपहरण किया। दो विमान न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराए और ट्विन टावर्स ढह गए। तीसरा विमान पेंटागन से टकराया, जबकि चौथा विमान यात्रियों के विरोध के बाद पेंसिल्वेनिया में गिर गया। इन हमलों में करीब 3,000 लोगों की मौत हुई। नए CIA दस्तावेज बताते हैं कि 9/11 से कई साल पहले ही अमेरिकी खुफिया एजेंसियां बिन लादेन के नेटवर्क और संभावित आतंकी हमलों को लेकर लगातार चेतावनी दे रही थीं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।