
रोमानिया के बुसेगी पहाड़ों में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां एक महिला टूरिस्ट की 40 फुट ऊंची चट्टान से गिरकर मौत हो गई। 36 साल की एंटोनिया मिहाइलेस्कु अपने तीन साथी पर्वतारोहियों के साथ एक ग्रुप अभियान पर थीं। पिछले शनिवार दोपहर को जब वे पहाड़ से उतर रही थीं, तभी सेफ्टी रस्सी का एंकर टूट गया और वे सब नीचे आ गिरे। एंटोनिया एक जानी-मानी डेंटिस्ट और अनुभवी पर्वतारोही थीं। उन्होंने किलिमंजारो की उहुरू चोटी और पेरू के पहाड़ों पर भी चढ़ाई की थी। वह एवरेस्ट बेस कैंप तक भी पहुंच चुकी थीं।
एंटोनिया तीन पुरुषों के साथ, जिनकी उम्र 26 से 51 साल के बीच थी, एक क्वालिफाइड इंस्ट्रक्टर की देखरेख में पहाड़ से उतर रही थीं। वे सभी 'अल्बिसोआरा ब्रनेई' रूट पर थे। दोपहर करीब 3 बजे, जब ग्रुप एक खतरनाक हिस्से से गुजर रहा था, तभी वह सिंगल एंकर पॉइंट अचानक टूट गया, जिससे वे सभी बंधे हुए थे। लाइन में सबसे आखिर में एंटोनिया थीं, जो सबसे पहले फिसलीं। उनके फिसलते ही एक चेन रिएक्शन शुरू हुआ और चारों लोग चट्टानों पर जा गिरे। इस हादसे में एंटोनिया को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके साथ गिरे तीनों पुरुष बुरी तरह घायल हुए, लेकिन उनकी जान बच गई।
इस हादसे के बाद रोमानिया के इतिहास का सबसे बड़ा माउंटेन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसमें बुखारेस्ट से एक ब्लैक हॉक समेत चार हेलिकॉप्टर और जमीनी टीमों को भेजा गया। खराब मौसम और मुश्किल रास्ते की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। एंटोनिया के शव को चट्टानों से सबसे आखिर में निकाला गया।
प्राउवा काउंटी के अधिकारी डैन निकोडिम ने पुष्टि की कि ग्रुप के साथ एक इंस्ट्रक्टर भी था। अब प्रॉसीक्यूटर्स ने इस मामले में आपराधिक जांच शुरू कर दी है। जांच इस बात पर फोकस कर रही है कि क्या पर्वतारोहियों ने सेफ्टी पॉइंट लगाने में कोई गलती की थी या फिर इक्विपमेंट ही खराब था। पहाड़ों पर चढ़ाई के जानकारों का कहना है कि अनुभवी पर्वतारोहियों को भी हमेशा एक से ज़्यादा यानी कई एंकर का इस्तेमाल करना चाहिए। रोमानियन एल्पाइन क्लब के एक प्रवक्ता ने कहा, "नियम यह है कि हमेशा दो या तीन प्रोटेक्शन पॉइंट होने चाहिए, ताकि अगर एक फेल हो जाए तो बाकी उसे संभाल लें।"
एंटोनिया अपने डेंटिस्ट के बिजी करियर के साथ-साथ पहाड़ों के लिए अपने जुनून को भी जीती थीं। बुखारेस्ट में उनके क्लिनिक के साथियों ने कहा, "कुछ लोग बहुत गहरी छाप छोड़ जाते हैं… हम आपको कभी नहीं भूलेंगे।"
उनकी दुखी मां ने रिपोर्टर्स को बताया, "उस रस्सी का एंकर टूट गया और चारों गिर गए। टोनी - मेरी एंटोनिया - की मौत हो गई। उसे पहाड़ों का जुनून था, ऊपर चढ़ना और नीचे उतरना ही उसकी जिंदगी की खुशी थी। वह किलिमंजारो, पेरू के रेनबो माउंटेन्स तक जा चुकी थी… और हादसा यहां घर पर हो गया।" बुसेगी पहाड़ बुखारेस्ट से करीब दो घंटे की दूरी पर हैं। ये पहाड़ पूरे यूरोप के हाइकर्स और क्लाइंबर्स को आकर्षित करते हैं, लेकिन यहां हर साल दर्जनों लोगों की जान जाती है। रोमानिया की चोटियों पर हर साल करीब 100 लोग अपनी जान गंवाते हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।