Gold Price Prediction 2027 : सोने की कीमतों में भारी गिरावट आ रही है। अब आम लोग से लेकर निवेशकों की नजर 2027 पर टिक गई है। क्योंकि उनका सवाल है कि गोल्ड के भाव में क्या नए साल में और गिरावट आएगी या फिर बढ़ेगा। जानिए एक्सपर्ट्स के अनुमान और पूरा गणित।
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने निवेशकों और खरीदारों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। एक तरफ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद गोल्ड की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है, तो दूसरी तरफ बाजार के जानकारों की नजर अब 2027 में सोने की चाल पर है। सवाल यह है कि क्या सोना आने वाले समय में फिर नई ऊंचाई छुएगा या कीमतों में और गिरावट देखने को मिलेगी? सोने के भाव का भविष्य कई वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
सोने की कीमतों में क्यों आई गिरावट?
हाल के दिनों में सोने पर बिकवाली का दबाव बढ़ा है। अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने गोल्ड की चमक कमजोर की है। रिपोर्टों के मुताबिक, एक सप्ताह में सोने की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली है। इससे निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की है।
सोना ऐसी संपत्ति है, जिस पर ब्याज नहीं मिलता। जब ब्याज दरें ऊंची रहती हैं, तो निवेशक बॉन्ड और दूसरे विकल्पों की तरफ आकर्षित हो सकते हैं। इससे सोने की मांग पर दबाव पड़ता है। यही वजह है कि फिलहाल गोल्ड में कमजोरी दिखाई दे रही है।
2027 में कितनी हो सकती है सोने की कीमत?
2027 में सोने की कीमत को लेकर अलग-अलग वित्तीय संस्थानों के अनुमान सामने आए हैं। Goldman Sachs ने 2027 के अंत तक सोने का लक्ष्य 4,800 डॉलर प्रति औंस रखा है, जबकि CIBC का अनुमान 2027 में औसतन 5,200 डॉलर प्रति औंस का है। वहीं Reuters के अक्टूबर सर्वे में विश्लेषकों का 2027 का औसत अनुमान 4,650 डॉलर प्रति औंस रहा।
इन अनुमानों से संकेत मिलता है कि गिरावट के बावजूद बाजार के कई जानकार लंबी अवधि में सोने को लेकर पूरी तरह निराश नहीं हैं। हालांकि, ये अनुमान हैं, कोई गारंटी नहीं।
सोने को सहारा देने वाले ये कारण
सोने की कीमतों को केंद्रीय बैंकों की खरीदारी, भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर पर निर्भरता कम करने की रणनीति से सहारा मिल सकता है। दुनिया के कई केंद्रीय बैंक अपने रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
इसके उलट, अमेरिकी डॉलर में मजबूती, ऊंची ब्याज दरें और महंगाई पर नियंत्रण के लिए सख्त मौद्रिक नीति सोने की कीमतों को नीचे ला सकती है।
क्या अभी सोना खरीदना सही है?
सोने में गिरावट को खरीदारी का मौका माना जा सकता है, लेकिन एक साथ बड़ी रकम निवेश करने के बजाय चरणबद्ध निवेश ज्यादा संतुलित रणनीति हो सकती है। 2027 में सोने की कीमत डॉलर, ब्याज दरों, वैश्विक तनाव और केंद्रीय बैंक की खरीदारी पर निर्भर करेगी। इसलिए किसी भी निवेश से पहले जोखिम को समझना जरूरी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।