
कहते हैं कि अगर इंसान कुछ ठान ले तो कुछ भी नामुमकिन नहीं। अब ऐसी ही एक मिसाल मध्य प्रदेश के 20 साल के एक लड़के ने पेश की है, जिसने अकेले दम पर एक पूरी नदी को साफ कर दिया। जी हां, मध्य प्रदेश के ब्यावरा के रहने वाले 20 साल के बिट्टू तबाही इन दिनों इंटरनेट पर छाए हुए हैं।
अक्सर प्रेरणा देने वाले लोगों की कहानियां शेयर करने वाले उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अब मध्य प्रदेश के इस लड़के की कहानी शेयर की है, जो वायरल हो गई है। इस लड़के का नाम बिट्टू तबाही है, जिसने मध्य प्रदेश की अजनार नदी को अकेले ही साफ कर दिया है।
मध्य प्रदेश के ब्यावरा शहर के इस लड़के की शुरुआत में काफी आलोचना हुई। लोगों ने कहा कि वो सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने के लिए नदी के कुछ हिस्सों की सफाई का दिखावा कर रहा है। इस पर आनंद महिंद्रा ने लिखा, "हम अक्सर शिकायत करते हैं कि सोशल मीडिया पर मतलब की चीजों से ज़्यादा फालतू चीजों को तवज्जो मिलती है। लेकिन अगर 'लाइक्स' की चाहत किसी अच्छे काम की वजह बन जाए तो इसमें गलत क्या है? ब्यावरा शहर के बिट्टू तबाही मेरी सोमवार की प्रेरणा हैं।"
मध्य प्रदेश के छोटे से शहर ब्यावरा के रहने वाले 20 साल के बिट्टू तबाही ने बहुत ज़्यादा गंदी हो चुकी अजनार नदी को साफ करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने किसी सरकारी मदद या बड़े सपोर्ट का इंतज़ार नहीं किया और पूरी तरह से अपने दम पर नदी को साफ करने का फैसला किया। किसी बड़ी मशीन के बिना, सिर्फ अपने हाथों और कुछ मामूली औज़ारों से बिट्टू ने नदी से प्लास्टिक कचरा, काई और मलबा निकालना शुरू किया।
इस काम के लिए शुरुआत में तारीफ नहीं मिली। लोगों ने ताने मारकर और शक की नज़र से देखकर उनका हौसला तोड़ने की कोशिश की। कई लोगों ने कहा कि यह काम एक अकेले इंसान के बस का नहीं है। कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि यह नदी अब कभी ठीक नहीं हो सकती। कई लोगों ने बिट्टू की नीयत पर सवाल उठाए और इसे मशहूर होने का स्टंट बताया। लेकिन बिट्टू ने इन सब तानों को अनसुना कर दिया और अपना पूरा ध्यान नदी साफ करने के अपने लक्ष्य पर लगाया।
बिट्टू ने 26 जनवरी को नदी की सफाई शुरू की और हफ्तों तक यह काम जारी रहा। शुरुआत में उन्हें जो थोड़ा-बहुत साथ मिला, वो भी बाद में खत्म हो गया। फिर भी, वो अकेले काम करते रहे। गंदे पानी में उतरकर उन्होंने प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें और काई की मोटी परतें अपने हाथों से निकालीं। यह काम शारीरिक रूप से बहुत मुश्किल और थका देने वाला था, लेकिन उन्होंने सब्र और लगन से काम जारी रखा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।