
IndiGo Flight Emergency: बुधवार की सुबह चेन्नई एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दुबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी का ऐलान करना पड़ा। फ्लाइट 6E 61 ने चेन्नई से उड़ान तो भर ली थी, लेकिन कुछ ही देर में इसके बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। विमान में कुल 224 लोग सवार थे, जिनकी जान पायलट की सूझबूझ से बच गई।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इस एयरबस A321 विमान ने सुबह 7 बजकर 29 मिनट पर दुबई के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद पायलट ने बाएं इंजन में समस्या महसूस की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और विमान को वापस चेन्नई लाने का फैसला किया।
पायलट की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट पर सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। इसका मतलब था कि एयरपोर्ट के फायर टेंडर, मेडिकल टीम और सुरक्षाबलों को किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया था। एयरपोर्ट पर मौजूद सभी एजेंसियों ने फौरन मोर्चा संभाल लिया।
राहत की बात ये रही कि पायलट ने विमान को सफलतापूर्वक और सुरक्षित तरीके से रनवे 25 पर लैंड करा दिया। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद ही सबने राहत की सांस ली। इसके कुछ देर बाद एयरपोर्ट पर घोषित की गई फुल इमरजेंसी को भी हटा लिया गया।
इस घटना ने कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर तनाव का माहौल जरूर बना दिया, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इंडिगो की तरफ से अब इस मामले की जांच की जाएगी ताकि इंजन में आई खराबी के असल कारणों का पता चल सके। फिलहाल, सभी 224 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।