
नई दिल्ली। भारत में घरेलू गैस की किल्लत के बीच एक अच्छी खबर है। मिडिल-ईस्ट में युद्ध के माहौल के बीच LPG कैरियर जहाज ‘शिवालिक’ कतर से गैस लेकर सोमवार शाम 5 बजे के आसपास भारत के मुंद्रा पोर्ट पहुंच गया है। मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच भारत पहुंचने वाला यह पहला LPG जहाज बताया जा रहा है।
‘शिवालिक’ जहाज पर करीब 46 हजार मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लदी हुई है। बताया जा रहा है कि यह मात्रा लगभग 32.4 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों के बराबर है। इतनी बड़ी मात्रा में गैस की आपूर्ति भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह जहाज 14 मार्च को होर्मुज स्ट्रेट पार करके भारत के लिए रवाना हुआ था। मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। ऐसे माहौल में इस जहाज का सुरक्षित भारत पहुंचना ऊर्जा आपूर्ति के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार भारत के लिए दो और बड़े जहाज भी रास्ते में हैं। ‘नंदा देवी’ नाम का जहाज करीब 46 हजार टन LPG लेकर भारत आ रहा है और इसके कल यानी मंगलवार को पहुंचने की संभावना है। वहीं ‘जग लाडकी’ जहाज करीब 81 हजार टन मुरबान कच्चा तेल लेकर भारत की ओर बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि इन दोनों जहाजों के भी मंगलवार को मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट ईरान के दुश्मनों के लिए बंद है। अराघची के मुताबिक युद्ध शुरू होने के 15 दिन बाद भी ईरान के विरोधी देश अब अन्य देशों से इस स्ट्रेट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मदद मांग रहे हैं।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, “वे उन देशों से मदद मांग रहे हैं जिन्हें वे कल तक अपना दुश्मन कहते थे, ताकि होर्मुज स्ट्रेट खुला रह सके।” उन्होंने कहा कि ईरान के नजरिए से यह स्ट्रेट खुला है, लेकिन उन देशों और उनके सहयोगियों के लिए बंद है जिन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य हमला किया है।
अब्बास अराघची ने यह भी कहा कि अमेरिका और इजराइल के हमलों ने इस युद्ध की शुरुआत की। उनके मुताबिक इस संघर्ष के शुरुआती चरण में ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग की गई थी, लेकिन इसके बाद स्थिति और ज्यादा गंभीर होती चली गई।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।