
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट की। इस दौरान भोपाल में यूनियन कार्बाइड की खाली पड़ी जमीन पर गैस कांड स्मारक निर्माण को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया गया। मुख्यमंत्री ने उज्जैन में आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव के भव्य आयोजन की जानकारी भी दी और नक्सल मुक्त होने के बाद बालाघाट में आयोजित बैगा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में 40 वर्ष पहले हुई भीषण गैस त्रासदी में 25 हजार से अधिक लोगों की जान गई थी। राज्य सरकार ने बीते वर्ष यूनियन कार्बाइड कारखाने में जमा कचरे का सफल निष्पादन कराया है। अब 87 एकड़ भूमि पर भव्य भोपाल गैस त्रासदी स्मारक बनाने की योजना है। इसके साथ ही साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आधुनिक प्रयोगशाला और विकास आधारित राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री से मार्गदर्शन लिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों की बेहतरी के लिए 17 विभाग- पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि और उद्योग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि “बाग से बाजार” तक किसानों की समृद्धि के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है। राज्य में पहली बार 2 मार्च को जनजातीय अंचल बड़वानी में कृषि कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें किसानों को होली की सौगात दी जाएगी। सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाले सभी नवाचारों को प्रोत्साहन देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बना है। बालाघाट, जो लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, वहां समग्र विकास के लिए बैगा महोत्सव आयोजित करने की योजना है। इस विषय पर भी गृह मंत्री से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश में 14 से 15 वर्ष की 8 लाख से अधिक बालिकाओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। राज्य सरकार को 7,800 टीके प्राप्त हुए हैं। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान होने पर सर्वे के बाद मुआवजा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश को देश का फूड बास्केट बताया जाता है। प्रदेश रबी, खरीफ और ग्रीष्मकालीन फसलों में अच्छी उत्पादकता रखता है। दलहन उत्पादन में अग्रणी है और गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। उड़द, मसूर, तुअर, सोयाबीन और मूंगफली का सर्वाधिक उत्पादन यहीं होता है। तिलहन उत्पादन में भी प्रदेश प्रथम है। प्राकृतिक खेती, बागवानी, जैविक खेती और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज के पारंपरिक त्योहार भगोरिया को राज्य सरकार राजकीय पर्व के रूप में मना रही है। वे हाल ही में आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में भगोरिया उत्सव में शामिल हुए। साथ ही अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान दिवस पर उनकी जन्मस्थली भाभरा में श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को राज्य की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी और उन्हें बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने का निमंत्रण दिया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।