
नई दिल्ली: वैश्विक राजनीति के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। व्हाइट हाउस ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस में एक बेहद गोपनीय और संवेदनशील मुलाकात होने जा रही है। पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया के एक हफ्ते के ऐतिहासिक दौरे पर रवाना हो चुके हैं। लेकिन, इस रवानगी के पीछे छिपी है एक ऐसी कूटनीतिक बिसात, जिसने पूरी दुनिया के रक्षा विशेषज्ञों के कान खड़े कर दिए हैं। रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने साफ कहा, "भारत की रणनीतिक सोच में फ्रांस का एक खास स्थान है।" भारत फ्रांसीसी कंपनी डसॉल्ट एविएशन के राफेल लड़ाकू विमान का एक बड़ा ग्राहक है, ऐसे में इस बयान के कई गहरे मायने निकाले जा रहे हैं।
पर्दे के पीछे की कहानी यह है कि 17 जून को फ्रांस में होने जा रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और ट्रंप एक बंद कमरे में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते एक बेहद संवेदनशील और उतार-चढ़ाव वाले दौर से गुजर रहे हैं। कूटनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट है कि इस बैठक का एजेंडा जितना सामान्य दिख रहा है, अंदरूनी कहानी उतनी ही उलझी हुई है। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ऊर्जा सहयोग, H-1B वीज़ा नीतियां, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिम एशिया के बदलते समीकरणों पर ऐसी चर्चा होने वाली है, जो आने वाले समय में वैश्विक बाजार की दिशा तय करेगी।
On whether the India- US trade deal will be discussed between US President Donald Trump's meeting with PM Modi at the G7 Summit, senior U.S. officials say, "I think that the potential trade deal will come up. We signed a joint framework agreement earlier this year. We have been…
— ANI (@ANI) June 13, 2026
इस महामुलाकात के पीछे एक गहरा तनाव भी छिपा हुआ है। दरअसल, कुछ ही दिनों पहले ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों को ले जा रहे कमर्शियल जहाजों पर अमेरिकी सैन्य हमलों का एक सिलसिला देखा गया, जिस पर नई दिल्ली ने कड़ा ऐतराज जताया था। पलाऊ के झंडे वाले टैंकर 'MT सेटेबेलो' पर हुए हमले में तीन बेकसूर भारतीय नाविकों की जान चली गई थी। इस खौफनाक घटना के बाद भारत ने एक हफ्ते के भीतर दो बार अमेरिकी राजनयिक प्रतिनिधि (चार्ज डी'अफेयर्स) को तलब कर अपनी तीखी नाराजगी जाहिर की थी। क्या मोदी इस मुलाकात में ट्रंप के सामने सीधे तौर पर अपने नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाकर वाशिंगटन को बैकफुट पर लाएंगे? यह सवाल इस वक्त सबसे बड़ा सस्पेंस बना हुआ है।
दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर खींचतान जारी है। भारत अपने कई तरह के एक्सपोर्ट पर अमेरिकी टैरिफ से बड़ी राहत चाहता है, जबकि वाशिंगटन भारतीय बाजार तक अपनी पहुंच बढ़ाने और लेबर इश्यूज को लेकर अड़ा हुआ है। इसके साथ ही, अमेरिका में काम करने वाले लाखों भारतीय प्रोफेशनल्स की किस्मत का फैसला करने वाले H-1B वीज़ा पर भी आर-पार की बातचीत होने की उम्मीद है।
यह बैठक तब हो रही है जब अमेरिका और ईरान के बीच अप्रैल से चल रहे युद्धविराम को आगे बढ़ाने की गुप्त बातचीत चल रही है। प्रतिबंधों में ढील और होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के भविष्य को लेकर दोनों देशों में ठनी हुई है। चूंकि दुनिया भर के शिपिंग बेड़े में 3 लाख से ज्यादा भारतीय नाविक तैनात हैं, इसलिए इस रूट की सुरक्षा भारत की सबसे बड़ी चिंता है। ग्लोबल ऑयल मार्केट में मचे इस हाहाकार के बीच मोदी और ट्रंप की ये बातचीत कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उलटफेर कर सकती है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर एवियन-लेस-बेन्स में आयोजित G7 समिट में पीएम मोदी की यह लगातार सातवीं उपस्थिति है, जो भारत को 'ग्लोबल साउथ' का बेताज बादशाह बनाती है। लेकिन इस दौरे का सबसे गुप्त और ऐतिहासिक हिस्सा स्लोवाकिया की यात्रा है। स्लोवाकिया में भारत की राजदूत अपूर्वा श्रीवास्तव के मुताबिक, 1993 में आजादी मिलने के बाद से आज तक कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री स्लोवाकिया नहीं गया है। यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय पीएम वहां कदम रखेगा। अब देखना यह है कि 15 से 17 जून के इस चक्रव्यूह से भारत दुनिया के सामने क्या नया कूटनीतिक चमत्कार दिखाता है!
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।