
शहडोल जिले के धनपुरी में रविवार को विकास और जनकल्याण से जुड़ा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनिर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि “सच्चा वादा और पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एसईसीएल के विस्थापित परिवारों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माता शबरी जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता शबरी निष्कपट भक्ति, समर्पण और साधना की सर्वोच्च प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम और माता शबरी का प्रसंग यह सिखाता है कि सनातन संस्कृति में जाति या भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही हमारी सभ्यता की मूल शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश में 30 लाख सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर अब 44 लाख हेक्टेयर हो चुका है। दुग्ध उत्पादन और दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने गीता भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और कोचिंग जैसी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा शहडोल सिंचाई कॉम्प्लेक्स के निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपये की इस योजना से 50 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र बढ़ेगा और 122 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जैतपुर को नगर पंचायत बनाए जाने की घोषणा भी की। साथ ही शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि को लेकर विभाग से प्रस्ताव प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले में 160 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण, जैतपुर महाविद्यालय में कला एवं विज्ञान संकाय के भवन निर्माण और एक नए महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने 3 किलोमीटर लंबी मॉडल रोड के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में ये परियोजनाएं आने वाले समय में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा देंगी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।