
कूटनीति में कभी-कभी एक छोटा सा तोहफा भी बड़े संदेश दे जाता है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर कुछ ऐसा ही करने जा रहे हैं। 22 और 23 नवंबर के दो दिवसीय दौरे पर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दो ऐसी मूर्तियां भेंट करने की तैयारी में हैं, जिनकी कहानी भारत और नेपाल के सदियों पुराने रिश्तों से जुड़ी है। खास बात यह है कि बालेन शाह ने इस बार नेपाल के प्रधानमंत्रियों की पारंपरिक उपहार देने की शैली से अलग रास्ता चुना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, पीएम मोदी को रातो मच्छिन्द्रनाथ की मूर्ति उपहार में देंगे। नेपाल की काठमांडू घाटी में इस देवता का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। नेपाली मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि वंश के राजा नरेंद्र देव रातो मच्छिन्द्रनाथ को भारत के वर्तमान असम क्षेत्र से नेपाल लेकर आए थे। किंवदंती है कि उस समय काठमांडू घाटी भीषण सूखे और अकाल से जूझ रही थी। देवता के आगमन के बाद बारिश हुई और लोगों को राहत मिली।
यह भी पढ़ें: '2047 तक नहीं आएगी सपा की सरकार!' अखिलेश को केशव मौर्य की दो टूक, राधे-राधे पर छिड़ी जंग
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए बालेन शाह ने काठमांडू के चाबहिल स्थित चारुमती विहार से संबंधित मूर्ति चुनी है। इस विहार का इतिहास मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमती से जोड़ा जाता है। पारंपरिक कथाओं के मुताबिक, चारुमती ने नेपाल के स्थानीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया था और बाद में बौद्ध विहार की स्थापना कराई थी। हालांकि, इन विवरणों का आधार मुख्य रूप से ऐतिहासिक परंपराएं और स्थानीय मान्यताएं हैं।
इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री भारत यात्रा के दौरान अक्सर प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति उपहार में देते रहे हैं। लेकिन बालेन शाह ने इस बार दो अलग धार्मिक और ऐतिहासिक प्रतीकों को चुना है। माना जा रहा है कि इन उपहारों के जरिए वह दोनों देशों की साझा सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करना चाहते हैं।
बालेन शाह 22 नवंबर से भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें व्यापार, ऊर्जा, परिवहन, बुनियादी ढांचे और निवेश जैसे मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच कई समझौते भी हो सकते हैं।
बालेन शाह की यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और नेपाल आर्थिक सहयोग बढ़ाने के साथ पुराने मतभेदों को भी सुलझाने की चुनौती का सामना कर रहे हैं। सीमा विवाद और व्यापारिक सहयोग जैसे मुद्दे दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में सांस्कृतिक विरासत से जुड़े ये उपहार सिर्फ औपचारिक भेंट नहीं, बल्कि साझा इतिहास के जरिए रिश्तों को मजबूत करने का प्रतीक भी बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: भारत की किस बात पर फिदा हुए पुतिन? PM मोदी से बातचीत का खोला राज (WATCH)
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।