Noida Rape Case: 23 दिन में 9 चालान, फिर भी फर्राटा भरती रही बस... आखिर क्यों?

Published : Sep 01, 2026, 12:11 PM IST
noida bus gangrape case sleeper bus challan history traffic violations delhi ncr

सार

Noida Rape Case: नोएडा में 16 साल की नाबालिग छात्रा से गैंगरेप मामले में स्लीपर बस का खौफनाक ट्रैक रिकॉर्ड सामने आया है। अप्रैल से अब तक बस पर 12 चालान कटे, जिनमें से 9 चालान अकेले जुलाई में ओवरस्पीडिंग के लिए काटे गए थे।

Noida Sleeper Bus Case: दिल्ली-एनसीआर को झकझोर देने वाले नोएडा स्लीपर बस गैंगरेप मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर दौड़ने वाली जिस बस में 16 साल की नाबालिग से दरिंदगी हुई, उसका ट्रैक रिकॉर्ड ही पूरी तरह से गैर-कानूनी और बेखौफ रवैये की कहानी बयां कर रहा है। एक्सक्लूसिव दस्तावेजों के मुताबिक, इस स्लीपर बस पर अप्रैल से लेकर अब तक कुल 12 ट्रैफिक चालान काटे जा चुके हैं-और इनमें से ज्यादातर मामले केवल बेकाबू तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) के हैं।

Noida Rape Case: बस के रजिस्ट्रेशन के कुछ दिन बाद ही चालान

एनडीटीवी (NDTV) के पास मौजूद रिकॉर्ड के अनुसार, स्लीपर बस का रजिस्ट्रेशन 28 अप्रैल को फिरोजाबाद RTO कार्यालय में हुआ था। इसके कुछ ही समय बाद बस ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई के दायरे में आ गई। 12 मई को यमुना एक्सप्रेसवे पर बस के खिलाफ तेज रफ्तार के दो चालान जारी हुए। इनमें से एक चालान माइलस्टोन 72 के पास का था। दोनों मामलों में ₹4,000 का जुर्माना लगाया गया। जून में भी बस नियम तोड़ते हुए पकड़ी गई। नोएडा के सेक्टर 168 में बिना इंडिकेटर लेन बदलने के मामले में चालान जारी किया गया। लेकिन जुलाई में चालानों की संख्या अचानक काफी बढ़ गई।

July Traffic Challans: 23 दिन में नौ चालान, ₹56 हजार का जुर्माना

जुलाई में बस के खिलाफ सिर्फ 23 दिनों के भीतर नौ चालान काटे गए। इन सभी मामलों में कुल जुर्माना ₹56,000 बताया गया है। रिकॉर्ड में दर्ज जुलाई के चालानों का ब्योरा इस तरह है:

  • 1 जुलाई 2026: यमुना एक्सप्रेसवे, माइलस्टोन 72 पर तेज रफ्तार के लिए ₹4,000 का चालान।
  • 3 जुलाई 2026: एत्मादपुर के गढ़ी रामी में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार के लिए चालान।
  • 4 जुलाई 2026: यमुना एक्सप्रेसवे पर दोबारा तेज रफ्तार का मामला, ₹4,000 जुर्माना।
  • 5 जुलाई 2026: यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के लिए चालान।
  • 6 जुलाई 2026: उसी इलाके में फिर तेज रफ्तार का चालान।
  • 8 जुलाई 2026: हमीरपुर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए ₹26,000 का चालान।
  • 11 जुलाई 2026: यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का चालान।
  • 15 जुलाई 2026: दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास तेज रफ्तार का चालान।
  • 23 जुलाई 2026: एक बार फिर तेज रफ्तार के लिए चालान।

इस रिकॉर्ड से साफ है कि जुलाई में बस कई बार ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की जद में आई थी।

Traffic Violation: क्या लगातार चालानों से उठते हैं सुरक्षा के सवाल?

पिछले कुछ वर्षों में ट्रैफिक चालानों की संख्या बढ़ने के पीछे विशेषज्ञ कई तकनीकी और ढांचागत बदलावों को भी वजह मानते हैं। अब पहले की तुलना में ज्यादा सड़कों और जंक्शनों पर कैमरों की निगरानी है। इसके अलावा ऑटोमेटेड डिटेक्शन सिस्टम भी काम कर रहे हैं। इनकी मदद से तेज रफ्तार या दूसरे ट्रैफिक उल्लंघनों का पता पहले के मैनुअल सिस्टम की तुलना में ज्यादा तेजी से लगाया जा सकता है। फिर भी इस मामले में बस के खिलाफ लगातार कार्रवाई का रिकॉर्ड इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि बाद में इसी वाहन में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित अपराध का मामला सामने आया।

Noida Bus Gangrape Case: दिल्ली आने वाली बसों पर GPS की तैयारी

घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाली बसों के GPS सिस्टम को दिल्ली सरकार के संबंधित विभाग के सिस्टम से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली आने-जाने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ बातचीत की जाएगी। इस प्रस्ताव का मकसद दिल्ली में प्रवेश करने और यहां से गुजरने वाली बसों की निगरानी को और बेहतर करना है।

Sleeper Bus Case: बारिश में शुरू हुई थी पीड़िता की मुश्किल यात्रा

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त की रात घर से निकली थी। पुलिस का कहना है कि मां की डांट से नाराज होकर वह नोएडा सेक्टर 63 जाने के लिए निकली थी, जहां उसका कजिन रहता है। रात करीब 9 बजे भारी बारिश के बीच वह कथित तौर पर ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर गलत जगह उतर गई। इसके बाद वह एक स्लीपर बस में सवार हुई। पुलिस के मुताबिक, कंडक्टर ने उससे कहा था कि बस सेक्टर 63 की तरफ जा रही है। इसी दौरान बस में उसके साथ कथित गैंगरेप की घटना हुई।

Police Investigation: बस जब्त, दो संदिग्ध गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद लड़की को कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया गया था। पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस ने बस का पता लगाकर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया। मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना सामने आने के बाद दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मामले की तुलना 2012 के निर्भया कांड की भयावह यादों से भी की गई है। अब पुलिस चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। वहीं, बस के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड ने जांच को एक और अहम पहलू दे दिया है-आखिर अप्रैल से लगातार ट्रैफिक उल्लंघनों के बावजूद इस बस की निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला कितना प्रभावी था?

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

तेज प्रताप की कौन करना चाहता है हत्या? बोले-वो 'डायनामाइट या बम से उड़ाने की प्लानिंग कर रहा'
इस राज्य के मंदिरों में फोन ले जाने पर लगा बैन, जानिए क्यों सरकार ने लिया इतना बड़ा फैसला