
"सर, यूनिफॉर्म क्यों नहीं पहनी, इसका जवाब है- पापा-मम्मी नहीं हैं। दादाजी को जब पेंशन मिलेगी, तब नई ड्रेस आएगी।" एक छोटे से बच्चे के मुंह से निकली इन बातों ने देखने वालों का दिल भारी कर दिया है। कई लोगों की तो आंखें भी नम हो गईं। इस बच्चे का वीडियो देखने के बाद इंटरनेट पर लोग भावुक हो रहे हैं और मदद का भरोसा भी दे रहे हैं। दिव्या गंडोत्रा टंडन (@divya_gandotra) नाम की एक यूजर ने 13 मार्च को अपने एक्स (X) अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था। बच्चे की बातें सुनने के बाद अगले दिन टीचर ने उसे एक ऐसा तोहफा दिया, जिससे उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आइए, जानते हैं कि उस दिन स्कूल में क्या हुआ था।
वीडियो में एक टीचर बच्चे को बुलाकर पूछते हैं, "तुम स्कूल यूनिफॉर्म की जगह यह दूसरी पैंट पहनकर क्यों आए हो?" इस पर बच्चा जवाब देता है कि स्कूल वाली पैंट फट गई है। टीचर कहते हैं, "तो नई लेनी चाहिए थी न?" बच्चा मासूमियत से जवाब देता है, "दादाजी को पेंशन मिलते ही वो नई ड्रेस दिला देंगे।"
यह सुनकर टीचर पूछते हैं, "अच्छा, दादाजी को पेंशन मिलेगी तब? तुम्हारे पापा क्या करते हैं?" बच्चा कहता है, "वो मर गए हैं।" एक पल के लिए चौंककर टीचर फिर पूछते हैं, "और मम्मी कहां हैं?" बच्चा बताता है, "मम्मी भी नहीं हैं। वो भी मर गई हैं।" जैसे ही टीचर को पता चलता है कि बच्चे के माता-पिता नहीं हैं, वह क्लास के दूसरे बच्चों से पूछते हैं कि क्या इसके मम्मी-पापा नहीं हैं? सभी बच्चे 'हां' में जवाब देते हैं।
माता-पिता को खो चुके इस बच्चे की कहानी सुनकर टीचर का दिल पिघल गया। अगले दिन उन्होंने बच्चे को एक शानदार सरप्राइज दिया। क्लासरूम में आते ही टीचर ने पूछा, "राज आया है क्या?" राज जैसे ही टीचर के पास आता है, वो उसे नए कपड़े, पेन, किताबें और कलर पेंसिल गिफ्ट करते हैं। टीचर वहीं क्लास में राज को नए कपड़े पहनाते हैं। ये गिफ्ट पाकर राज बहुत खुश हो जाता है।
एक दूसरे वीडियो में, एक व्यक्ति राज के घर जाकर उसे नए कपड़ों के साथ एक क्रिकेट बैट भी देता है। इसके बाद वह खुद बॉलिंग करते हैं और राज खुशी-खुशी बैटिंग करता है। अपने पोते के लिए लोगों का इतना प्यार देखकर दादा-दादी भी भावुक हो जाते हैं। ये दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि राज कहां का रहने वाला है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।