Azam Khan News: लखनऊ एयरपोर्ट पर संजय सिंह को देखते ही गले लग गए आजम खान। जेल से रिहाई के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात का वीडियो चर्चा में है। जानिए यूपी चुनाव 2027 से पहले इसके सियासी मायने।
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। जेल से बाहर आने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जब एयरपोर्ट पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह से मिले, तो दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगा लिया। इस मुलाकात का वीडियो सामने आते ही सवाल उठने लगे कि क्या यह सिर्फ दो पुराने परिचितों की मुलाकात थी या इसके कुछ राजनीतिक मायने भी हैं?
संजय सिंह को देखते ही गले लग गए आजम खान
लखनऊ एयरपोर्ट पर आजम खान और संजय सिंह की अचानक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का स्वागत किया और गले मिले। सामने आए वीडियो में दोनों नेता काफी देर तक बातचीत करते नजर आए। उन्होंने एक-दूसरे का हालचाल पूछा और राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान दोनों के समर्थकों ने भी गर्मजोशी दिखाई।
यह भी पढ़ें: Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक क्या है, कौन कर रहा समर्थन और किसे है एतराज? जानें 5 बड़ी बातें
आजम खान के समर्थन में आवाज उठाते रहे हैं संजय सिंह
यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि संजय सिंह पहले भी आजम खान के समर्थन में बयान देते रहे हैं। उन्होंने आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और गिरफ्तारी का विरोध किया था। संजय सिंह ने इन कार्रवाइयों को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना भी की थी। ऐसे में जेल से रिहाई के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात को उनके पुराने राजनीतिक संबंधों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने आजम खान को दी खास अहमियत
आजम खान 26 नवंबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने उन्हें मंच पर प्रमुखता दी। आजम खान ने अपने भाषण में जेल के अनुभव और मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ अपने लंबे संबंधों का जिक्र किया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम और रात्रिभोज के बाद अखिलेश यादव खुद आजम खान को अपनी गाड़ी से एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे।
ओवैसी-चंद्रशेखर की सक्रियता के बीच आजम की वापसी
यूपी में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के जरिए चुनावी तैयारी कर रहे हैं। इसी बीच आजम खान की सक्रिय राजनीति में वापसी को सपा की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। लखनऊ में अपने भाषण के दौरान आजम खान ने बिना नाम लिए उन नेताओं पर निशाना साधा, जिन पर उन्होंने दूसरों का चुनावी खेल बिगाड़ने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
क्या 2027 से पहले बन रहे नए राजनीतिक समीकरण?
आजम खान और संजय सिंह की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर बढ़ाया है, लेकिन दोनों नेताओं ने इस मुलाकात के बाद किसी नए गठबंधन या राजनीतिक समझौते की घोषणा नहीं की है। फिलहाल यह मुलाकात व्यक्तिगत गर्मजोशी और पुराने राजनीतिक संबंधों की झलक दिखाती है। वहीं, अखिलेश यादव के साथ आजम खान की सार्वजनिक मौजूदगी से यह संकेत मिलता है कि समाजवादी पार्टी उन्हें आगामी चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है।
यह भी पढ़ें: Gujarat ATS Action: जैश कनेक्शन, AK-47 और 23 कारतूस...किस मिशन पर था असम का युवक?












