
पंजाब के मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोथा की हत्या के बाद परिवार में मातम है। झोथा की मां ने अपने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब उनके बेटे की मौत हुई, तो पुलिस ने परिवार को इसकी जानकारी तक नहीं दी। मां के मुताबिक, परमिंदर अक्सर कहते थे कि उनके बहुत दुश्मन हैं और वे उन्हें मरवा सकते हैं। उन्होंने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ड्रग माफिया को फांसी देनी चाहिए या गोली मार देनी चाहिए। झोथा की मां ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे को घर से बाहर नहीं जाने के लिए कहती थीं। जानकारी के मुताबिक, मानसा में एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने कथित तौर पर परमिंदर सिंह झोथा को गोली मार दी थी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पंजाब में नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।