RBI Stop Switch: एक क्लिक में बंद होंगे पेमेंट, जानें बैंक फ्रॉड रोकने के 4 नए नियम

Published : Nov 24, 2026, 08:23 AM IST
rbi stop switch bank fraud digital payment rules 2027 upi security

सार

RBI Stop Switch: बैंक फ्रॉड और UPI ठगी रोकने के लिए RBI नए नियम ला रहा है। एक क्लिक में आउटगोइंग पेमेंट बंद होंगे। ग्राहक डिजिटल ट्रांजेक्शन की लिमिट तय कर सकेंगे और बड़े पेमेंट पर Trusted Person Approval भी मिलेगा। जानिए वो 4 नियम कौन हैं, जो ग्राहकों के लिए होंगे बेहद फायदेमंद और किन-किन बैंकों में होंगे लागू?

नई दिल्ली: ऑनलाइन बैंकिंग और UPI फ्रॉड से परेशान ग्राहकों के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) एक बड़ा सुरक्षा कवच लाने जा रहा है। प्रस्तावित नियमों में 'स्टॉप स्विच' नाम का इमरजेंसी बटन मिलेगा, जिससे खाता हैक होने या गड़बड़ी की आशंका पर एक क्लिक में बाहर जाने वाले पेमेंट रुक जाएंगे। ग्राहक खुद डिजिटल पेमेंट की लिमिट तय कर सकेंगे। बड़े ट्रांजेक्शन के लिए किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी लेने का विकल्प भी होगा। RBI ने 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं, जबकि बैंकों की जवाबदेही 1 जनवरी 2027 और बाकी नियम 1 जुलाई 2027 से लागू होने का प्रस्ताव है।

1. RBI Stop Switch: एक क्लिक में बंद होंगे सभी आउटगोइंग पेमेंट

  • अगर ग्राहक को अकाउंट हैक होने या साइबर फ्रॉड का शक होता है, तो वह बैंक ऐप में मौजूद स्टॉप स्विच एक्टिव कर सकेगा।
  • इसे चालू करते ही खाते से होने वाले नए डिजिटल पेमेंट रुक जाएंगे। इसमें UPI, कार्ड और दूसरे पेमेंट चैनल शामिल होंगे।
  • नए पेमेंट मैंडेट, स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन और किसी नए थर्ड पार्टी ऐप पर UPI रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो सकेगा।
  • हालांकि, खाते में पैसे आना जारी रहेगा। पहले से सक्रिय EMI, ऑटो-डेबिट और बैंक चार्ज नहीं रुकेंगे।
  • ग्राहक जरूरी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद इस सुविधा को बंद कर दोबारा पेमेंट शुरू कर सकेंगे।

2. Digital Payment Limit: ग्राहक खुद तय करेंगे ट्रांजेक्शन की सीमा

  • अभी ज्यादातर मामलों में ग्राहकों को बैंक और पेमेंट ऐप की तय लिमिट के हिसाब से लेनदेन करना पड़ता है। नए प्रस्ताव के तहत वे अपनी जरूरत के मुताबिक सीमा तय कर सकेंगे।
  • ग्राहक एक ट्रांजेक्शन में भेजी जाने वाली अधिकतम रकम, किसी खास व्यक्ति को रोजाना भेजे जाने वाले पैसे और सभी पेमेंट चैनलों की कुल दैनिक लिमिट निर्धारित कर सकेंगे।
  • उदाहरण के लिए, बैंक की निर्धारित सीमा ज्यादा होने के बावजूद ग्राहक किसी व्यक्ति को एक दिन में अधिकतम 20 हजार रुपये भेजने की लिमिट रख सकता है।
  • ग्राहक यह भी तय कर सकेंगे कि किस समय कौन-सा डिजिटल पेमेंट चैनल चालू या बंद रहेगा।
  • यह सुविधा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और प्रीपेड कार्ड पर भी लागू होगी।
  • नया बैंक खाता खुलने पर डिजिटल पेमेंट चैनल डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे। ग्राहक की सहमति के बाद ही इन्हें चालू किया जाएगा।

3. Trusted Person Approval: बड़े पेमेंट के लिए लेनी होगी मंजूरी

  • RBI ने 'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म' (TPM) का प्रस्ताव दिया है। यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक होगी।
  • ग्राहक 18 साल या उससे अधिक उम्र के किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नॉमिनेट कर सकेंगे।
  • ग्राहक खुद तय करेंगे कि कितनी रकम से ऊपर के ट्रांजेक्शन पर उस व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी।
  • तय सीमा से ज्यादा का पेमेंट करने पर नॉमिनेट व्यक्ति को रकम और भुगतान पाने वाले की जानकारी भेजी जाएगी।
  • मंजूरी देने के लिए उसे एक घंटे का समय मिलेगा। अगर वह पेमेंट रिजेक्ट करता है या तय समय में जवाब नहीं देता, तो ट्रांजेक्शन अपने आप फेल हो जाएगा।
  • इस सुविधा को शुरू करने से पहले 24 घंटे का कूलिंग-ऑफ पीरियड होगा।
  • खास बात यह है कि नॉमिनेट व्यक्ति ग्राहक का बैंक बैलेंस, FD या निवेश नहीं देख सकेगा और न ही खुद खाते से कोई लेनदेन कर पाएगा।
  • यह व्यवस्था UPI, मर्चेंट पेमेंट और ऑटो-डेबिट पर लागू नहीं होगी।

4. Bank Fraud Rules: लापरवाही पर बैंकों की बढ़ेगी जवाबदेही

  • RBI डिजिटल फ्रॉड के मामलों में बैंकों की जिम्मेदारी का दायरा बढ़ाने जा रहा है।
  • अगर बैंक जरूरी सुरक्षा मानकों को लागू नहीं करते या अनिवार्य ट्रांजेक्शन अलर्ट भेजने में विफल रहते हैं, तो इसे लापरवाही माना जाएगा।
  • ग्राहकों को 24 घंटे फ्रॉड रिपोर्ट करने की सुविधा नहीं देना या शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई नहीं करना भी बैंक की जवाबदेही के दायरे में आएगा।
  • बैंक के सिस्टम में खराबी, सिक्योरिटी ब्रीच या कर्मचारियों की मिलीभगत से होने वाले फ्रॉड भी इन प्रावधानों में शामिल होंगे।
  • बैंकों की जवाबदेही से जुड़े ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है।

किन बैंकों पर लागू होंगे RBI के नए नियम?

RBI के प्रस्तावित निर्देश देश के अलग-अलग बैंकिंग संस्थानों पर लागू होंगे। इनमें शामिल हैं:

  • सरकारी और निजी क्षेत्र के कमर्शियल बैंक।
  • स्मॉल फाइनेंस बैंक और पेमेंट्स बैंक।
  • क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB)।
  • लोकल एरिया बैंक।
  • कोऑपरेटिव बैंक।

RBI के नए नियमों से ग्राहकों को क्या फायदा होगा?

इन चार बदलावों का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ग्राहकों को अपने डिजिटल लेनदेन पर पहले से ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।

  • फ्रॉड से बचाव: संदिग्ध गतिविधि दिखने पर एक क्लिक में नए आउटगोइंग पेमेंट रोके जा सकेंगे।
  • खर्च पर नियंत्रण: ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से ट्रांजेक्शन और दैनिक भुगतान की सीमा तय कर सकेंगे।
  • बड़े पेमेंट में सुरक्षा: तय सीमा से अधिक रकम भेजने से पहले भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी लेने का विकल्प मिलेगा।
  • बैंकों की जवाबदेही: सुरक्षा में लापरवाही होने पर बैंकों की जिम्मेदारी तय करने का दायरा बढ़ेगा।

RBI ने इन सभी प्रस्तावों पर 14 दिसंबर 2026 तक आम लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। अंतिम मंजूरी के बाद स्टॉप स्विच, पेमेंट लिमिट और ट्रस्टेड पर्सन से जुड़े नियम 1 जुलाई 2027 से लागू हो सकते हैं। वहीं, बैंकों की जवाबदेही से जुड़े प्रावधान 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है। फिलहाल ये ड्राफ्ट नियम हैं, इसलिए अंतिम दिशानिर्देशों में बदलाव संभव है।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

CJP News: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहे थे सौरव दास, दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों रोका?
Pune Murder: गर्लफ्रेंड की हत्या कर रातभर शव के पास बैठा रहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, आखिर क्यों?