
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो व्याख्यान के प्रसिद्ध उद्धरण — “भारत ऐसा देश है जहां टेलर नहीं, चरित्र व्यक्ति को जेंटलमैन बनाता है” के माध्यम से प्रदेश के युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी वास्तविक ताकत और प्रतिभा को पहचानें।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों को आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत में जन्म लेकर न केवल दुनिया को भारतीय संस्कृति से परिचित कराया, बल्कि भारत की वास्तविक शक्ति और आत्मबल का भी परिचय कराया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों से जुड़ें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करें।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि युवा यह समझने का प्रयास करें कि स्वामी विवेकानंद किस कठिन परिस्थिति में आगे बढ़े। उस समय देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था, स्वतंत्रता सीमित थी, लेकिन इसके बावजूद भारत मां का वह सपूत पूरी दुनिया में भारत की संस्कृति का झंडा फहराने में सफल हुआ।
उन्होंने कहा कि शिकागो सम्मेलन में न तो उन्हें आमंत्रण मिला था, न टिकट, न रहने-खाने के लिए पर्याप्त साधन। केवल यह जानकारी थी कि वहां विश्व की संस्कृतियों पर एक बड़ी संगोष्ठी हो रही है, और उसी विश्वास के साथ वे वहां पहुंच गए।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि शिकागो के सम्मेलन में जब स्वामी विवेकानंद पहुंचे तो उनकी वेशभूषा देखकर कई लोग हंसे। लेकिन जब बोलने का अवसर मिला, तो कुछ ही मिनटों में उन्होंने पूरी सभा को तालियों से भर दिया।
जहां सभी वक्ता 'लेडीज एंड जेंटलमैन' कहकर संबोधित कर रहे थे, वहीं स्वामी विवेकानंद ने 'सिस्टर्स एंड ब्रदर्स' कहकर पूरी दुनिया को एक परिवार का संदेश दिया। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि पश्चिम में टेलर जेंटलमैन बनाता है, जबकि भारत में चरित्र व्यक्ति को जेंटलमैन बनाता है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का स्पष्ट विश्वास था कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि आज केवल मार्कशीट और प्रतिशत के पीछे भागने की प्रवृत्ति बढ़ गई है, लेकिन जीवन की सफलता केवल अंकों से तय नहीं होती। भारत की भूमि उर्वरा है और यहां ऐसे युवाओं ने जन्म लिया है जिन्होंने वैश्विक चुनौतियों को स्वीकार कर देश का नाम रोशन किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत पूरी दुनिया में मजबूत पहचान बना चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल अवसर तलाशने वाला नहीं, बल्कि अवसर सृजित करने वाला बन रहा है। सरकार का काम मंच देना है, जबकि युवाओं की प्रतिभा स्वयं अपना मार्ग बना लेती है।
ब्रजेश पाठक ने युवाओं से अपील की कि वे अनुशासन, कौशल और आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान को उत्तर प्रदेश की पहचान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि जब युवा सशक्त होगा, तभी प्रदेश और देश भी सशक्त बनेंगे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।