“कयामत का सपना देखने वाले सड़-गल जाएंगे”- बाराबंकी से योगी का सबसे सख्त संदेश

Published : Feb 10, 2026, 07:15 PM IST
up cm yogi adityanath warning babri structure barabanki speech

सार

Barabanki CM Yogi Speech: बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त संदेश—कानून तोड़ने वालों को चेतावनी, बाबरी ढांचे का सपना देखने वालों पर तीखा प्रहार। राम मंदिर, विकास, सुरक्षा और यूपी की बदली तस्वीर पर बड़ा बयान।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी से बेहद सख्त और स्पष्ट संदेश दिया है। बाबरी ढांचे का सपना देखने वालों को चेताते हुए उन्होंने कहा कि कयामत का दिन कभी आने वाला नहीं है और जो लोग इस भ्रम में जी रहे हैं, वे समय के साथ खुद ही सड़-गल जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि हिंदुस्तान में कायदे से रहने वालों को ही फायदा मिलेगा, जबकि कानून तोड़कर जन्नत का सपना देखने वालों का रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर जाता है।

सीएम योगी मंगलवार को हिंद केसरी ब्रह्मलीन महंत बाबा हरिशंकर दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीराम जानकी मंदिर, दुल्हदेपुर कुटी (बाराबंकी) में आयोजित दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्री रामार्चा पूजन में शामिल हुए थे। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक, सामाजिक और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

“जो कहते हैं, वही करके दिखाते हैं”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार जो बोलती है, उसे जमीन पर उतारकर दिखाती है। उन्होंने राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने कहा था कि रामलला आएंगे और आज अयोध्या में भव्य मंदिर बनकर खड़ा है। यह सरकार भारत की विरासत और सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा को सम्मान देते हुए उसे अक्षुण्ण रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 25 नवंबर को अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर केसरिया ध्वज के आरोहण का भी उल्लेख किया और इसे सनातन व भारत के गौरव का प्रतीक बताया।

यह भी पढ़ें: UP Agriculture News: सिंचाई सुधार की दिशा में बड़ा कदम, ड्रेन प्रोजेक्ट और ड्रेन सफाई से किसानों को राहत

“कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे”

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों बाद वह ऐतिहासिक क्षण आया, जिसका इंतजार पीढ़ियों से था। 1952 के बाद कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा। राम सबके हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें सिर्फ संकट के समय याद करते हैं। ऐसे अवसरवादी लोगों के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम भी अब उनकी नैया पार नहीं लगाने वाले।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि बाबरी ढांचे का सपना देखने वालों को कयामत के दिन के इंतजार में नहीं जीना चाहिए। हिंदुस्तान में कानून मानना सीखिए, क्योंकि कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। कानून तोड़ने वालों का रास्ता जन्नत नहीं, बल्कि सीधे जहन्नुम की ओर जाता है।

“यूपी में अब सुरक्षा और भरोसा”

मुख्यमंत्री योगी ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था। आए दिन दंगे, कर्फ्यू और अराजकता देखने को मिलती थी। सूर्यास्त के बाद घर से बाहर गए परिजन की चिंता बनी रहती थी। गरीबों की जमीन पर कब्जे आम बात थी। उन्होंने बाबा हरिशंकर दास जी का उल्लेख करते हुए बताया कि श्रीराम जानकी मंदिर की जमीन पर भी कब्जे की कोशिश हुई थी और बाबा जी को गोली मारी गई थी, लेकिन सरकार बदलते ही प्रदेश से अराजकता खत्म हो गई।

सीएम ने आंकड़ों के जरिए बताया कि 2013 के कुंभ में 12 करोड़ श्रद्धालु आए थे, जबकि इस वर्ष माघ मेले में अब तक 21 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। 2024-25 में 122 करोड़ श्रद्धालुओं का यूपी के धार्मिक स्थलों पर आना यह साबित करता है कि प्रदेश में अब सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं हैं।

“भ्रष्टाचार से विकास की ओर यूपी”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था। आज स्थिति यह है कि प्रदेश का पैसा हर वर्ग के हित में खर्च हो रहा है। छात्रों को बिना भेदभाव छात्रवृत्ति मिल रही है, नए शिक्षण संस्थान खुल रहे हैं और तीर्थ स्थलों का विकास हो रहा है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून को ठेंगा दिखाने वालों को सख्त सजा दी जा रही है।

“बीमारू नहीं, मजबूत अर्थव्यवस्था”

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। सरकार गांव की बेटी को सबकी बेटी मानते हुए उसके जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक की जिम्मेदारी निभा रही है। 1.6 करोड़ परिवारों को पेंशन, 15-16 करोड़ लोगों को राशन और 5.46 करोड़ से अधिक गरीबों को आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है।

“भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन को अलग करके नहीं देखा जा सकता। आज दुनिया भर से भारत, सनातन और भारतीयता पर प्रहार हो रहे हैं। ऐसे में हर भारतीय का दायित्व है कि वह सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान दे और साजिशों से सतर्क रहे।

 

 

बाराबंकी के विकास को लेकर बड़े ऐलान

सीएम योगी ने घोषणा की कि बाराबंकी जल्द ही स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) का हिस्सा बनेगा। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के विकास से रोजगार की नई संभावनाएं पैदा होंगी। रामसनेही घाट के पास बड़े औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को यहीं रोजगार मिलेगा।

यह भी पढ़ें: AI से बना वीडियो अब नहीं चलेगा! सरकार ने कस दिया शिकंजा, जानिए नए नियम

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

भोपाल में MBBS छात्रा की रहस्यमयी मौत के पीछे की पूरी कहानी, बाथरूम में लाश से लेकर वो खतरनाक चीज तक
UP Agriculture News: सिंचाई सुधार की दिशा में बड़ा कदम, ड्रेन प्रोजेक्ट और ड्रेन सफाई से किसानों को राहत