
गोरखपुर। मकर संक्रांति का मुख्य पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा, लेकिन इससे एक दिन पहले बुधवार को ही गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी अर्पित करने के लिए भोर से ही मंदिर परिसर और बाहर तक लंबी कतारें लग गईं।
लाखों श्रद्धालुओं ने मुख्य पर्व से पहले ही बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ब्रह्म मुहूर्त में मकर संक्रांति के पुण्य काल में बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी का भोग अर्पित करेंगे।
बाबा गोरखनाथ के दरबार में खिचड़ी चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं ने मंगलवार रात से ही मंदिर परिसर में डेरा डालना शुरू कर दिया था। बुधवार भोर में जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, खिचड़ी अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा मंदिर परिसर “जय बाबा गोरखनाथ” के जयकारों से गूंज उठा।
सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना लेकर उत्तर प्रदेश, पड़ोसी राज्य बिहार और मित्र राष्ट्र नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर गुरु गोरखनाथ को श्रद्धा की खिचड़ी निवेदित की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं का पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए मंदिर परिसर में अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए थे और बैरिकेडिंग की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। मंगलवार रात से ही गोरखनाथ मंदिर में प्रवास कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर खुद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने मंगलवार रात और बुधवार सुबह मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और गोशाला कर्मियों को समुचित देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ आए बच्चों को दुलारते हुए आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भेंट की।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।