Akhilesh Yadav: शिवसेना नेता आनंद दुबे ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा है कि यूपी में कांग्रेस का लौटना डायनासोर के लौटने से भी ज्यादा नामुमकिन है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गठबंधन धर्म तोड़ने का आरोप लगाया।
मुंबई: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन में अभी से सीटों के बंटवारे पर खींचतान शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी बातचीत के बीच शिवसेना नेता आनंद दुबे ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने गठबंधन में सहमति बनने से पहले ही पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, जो इंडिया गठबंधन के नियमों के खिलाफ है।
आनंद दुबे ने कहा कि अखिलेश यादव कांग्रेस को 26 से ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव देना कहां तक उचित है। दुबे के मुताबिक, कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहने से समाजवादी पार्टी को राजनीतिक नुकसान हो रहा है, इसलिए अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में उम्मीदवारों की घोषणा की है।
'कांग्रेस के लिए यूपी में वापसी मुश्किल'
कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए आनंद दुबे ने कहा कि पार्टी भले ही देशभर में जीत और 2029 में प्रधानमंत्री बनाने का दावा कर रही हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में उसके लिए चुनाव जीतना भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के लिए काफी मेहनत करनी होगी।
दुबे ने यहां तक कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की वापसी लगभग असंभव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भले ही डायनासोर वापस आ जाएं, लेकिन यूपी में कांग्रेस की सत्ता में वापसी होना मुश्किल है।
सपा ने पांच उम्मीदवारों के नाम किए घोषित
सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इसमें पांच विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
पार्टी ने बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस ने मांगीं 120 सीटें, सपा का 26 का प्रस्ताव
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को शुरुआती बातचीत में 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटों की मांग कर रही है। कांग्रेस इससे कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं बताई जा रही है।
हालांकि, कांग्रेस सूत्रों ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन बरकरार है और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दलों के बीच अगली बैठक 27 नवंबर को हो सकती है।
अखिलेश यादव ने दिया PDA फॉर्मूले पर जोर
अखिलेश यादव ने कांग्रेस से 26 सीटों के अलावा कुछ और संभावित विधानसभा क्षेत्रों की पहचान कर सूची सौंपने को कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दोनों दलों के पास उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हराने का ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने जोर दिया कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर होना चाहिए। साथ ही उन्होंने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के तहत सर्वसम्मति से उम्मीदवार उतारने की बात कही।
2022 में सपा को मिली थीं 111 सीटें
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में हार के बाद 2027 में वापसी की तैयारी कर रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद केवल दो सीटें जीत सकी थी।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल इंडिया गठबंधन के तहत साथ आए थे। इस चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 62 में से 37 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 17 में से छह सीटें हासिल की थीं। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव से पहले दोनों दल सीटों के बंटवारे पर किस तरह सहमति बनाते हैं।














