
सिंगापुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान डीबीएस बैंक (DBS Bank) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी टैन सू शान (Tan Su Shan) और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में डिजिटल बैंकिंग, सस्ती और सुलभ वित्तीय सेवाएं, कैपेबिलिटी डेवलपमेंट, सेमीकंडक्टर निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर मुख्यालय वाले इस वैश्विक बैंक को उत्तर प्रदेश में निवेश और साझेदारी के अवसरों का अध्ययन करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
बैठक के दौरान डीबीएस बैंक ने उत्तर प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे ऊर्जा क्षेत्र में विशेष रुचि दिखाई। खासकर ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) और सौर ऊर्जा जैसे हरित क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह पहल उत्तर प्रदेश के हरित विकास लक्ष्यों को मजबूत करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण के क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार-विमर्श हुआ। खास तौर पर ताइवानी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने की संभावना पर चर्चा की गई। यदि यह सहयोग आगे बढ़ता है, तो उत्तर प्रदेश देश के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
सहकारी बैंकिंग प्रणाली के डिजिटलीकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डीबीएस बैंक ने जिलों में सहकारी बैंकों को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने में सहयोग की इच्छा जताई। इस पहल से किसानों को बेहतर, तेज और सुलभ वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी। डिजिटल सशक्तिकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
1968 में स्थापित डीबीएस बैंक की कुल परिसंपत्तियां दिसंबर 2025 तक लगभग 700 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। भारत में इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी डीबीएस बैंक इंडिया लिमिटेड 19 राज्यों में लगभग 350 स्थानों पर काम कर रही है।
यह बैठक उत्तर प्रदेश की डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित विकास लक्ष्यों और निवेश अनुकूल वातावरण को डीबीएस बैंक की भारत विकास रणनीति से जोड़ने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पारदर्शिता, नीतिगत स्थिरता और त्वरित निर्णय प्रक्रिया के जरिए वैश्विक निवेशकों को पूरा सहयोग देगी। गौरतलब है कि प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की नीति के तहत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इस समय यूरोप के दौरे पर हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।