UP Flood Alert: बारिश ने बढ़ाई टेंशन, गंगा-यमुना से लेकर शारदा तक बढ़ा पानी; 19 जिलों में खतरा

Published : Sep 01, 2026, 05:53 PM IST
Uttar Pradesh Flood Heavy Rain and Rising River Levels Trigger Flood Alert in 19 Districts

सार

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से 19 जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, पीलीभीत और गाजीपुर में हालात पर प्रशासन की नजर है। जानिए यूपी के ताजा बाढ़ अपडेट।

उत्तर प्रदेश में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और नदियों का बढ़ता जलस्तर अब कई इलाकों के लिए बड़ी चिंता बन गया है। प्रदेश के करीब 19 जिले बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित बताए जा रहे हैं। गंगा, यमुना, घाघरा, गंडक, मंदाकिनी और शारदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी पहुंचने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को अलर्ट कर दिया है।

प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा

प्रयागराज में गंगा और यमुना के साथ टोंस और बेलन नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। बैराज और बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद टोंस नदी को लेकर कछारी इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल आबादी प्रभावित होने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर राहत शिविर सक्रिय कर दिए गए हैं। NDRF की टीमें भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं।

यह भी पढ़ें: इमरान खान को जेल में मिलेंगी ये सुविधाएं, हाईकोर्ट ने अदियाला जेल प्रशासन को दिए कई बड़े आदेश

चित्रकूट में मंदाकिनी फिर खतरे के निशान से ऊपर

चित्रकूट में रात की बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया। प्रशासन के अनुसार नदी का पानी खतरे के निशान से करीब 3 मीटर ऊपर पहुंच गया था। डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री बांटी।

गाजीपुर में 2000 भेड़ें बाढ़ में फंसीं

गाजीपुर के जमानियां इलाके में गंगा का पानी बढ़ने से करीब 2000 भेड़ें और उनके पालक बाढ़ के बीच फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने ड्रोन से उनकी लोकेशन पता की। NDRF, SDRF, नाविकों और गोताखोरों की चार टीमों ने करीब छह घंटे तक अभियान चलाया और सभी भेड़ों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

श्रावस्ती और पीलीभीत में भी बढ़ी परेशानी

श्रावस्ती के गिलौला में जल निकासी की समस्या के कारण एक दर्जन से ज्यादा घरों में पानी घुस गया। कई मकानों में कमर तक पानी भरने की बात सामने आई है। वहीं पीलीभीत में शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बनबसा बैराज से दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे बसे इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

वाराणसी में गंगा चेतावनी बिंदु के पार

वाराणसी में मंगलवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 70.27 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु पार कर चुका है। वरुणा किनारे बसे 12 मोहल्लों में बाढ़ का पानी पहुंचा है और 150 से ज्यादा परिवार राहत शिविरों में पहुंचे हैं। प्रशासन की ओर से भोजन, पानी और जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है।

अगस्त में वाराणसी में करीब 448 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य बारिश करीब 245.1 मिमी रहती है। यानी बारिश सामान्य से लगभग 82 फीसदी अधिक रही। अगले 48 घंटे भी बारिश की संभावना के बीच नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

इन जिलों में भी अलर्ट

लखीमपुर खीरी, चित्रकूट, पीलीभीत, कुशीनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, अयोध्या, बहराइच, गोरखपुर, बदायूं, देवरिया, उन्नाव, फर्रुखाबाद, बरेली, बाराबंकी और प्रयागराज समेत कई जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गाजीपुर और वाराणसी में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती लगातार बढ़ता नदी जलस्तर और आने वाले घंटों में संभावित बारिश है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी, घाट और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, सभी FIR रद्द और नई FIR पर भी रोक

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

राम मंदिर ट्रस्ट में पहली बार होगी CEO की नियुक्ति, 5585 आवेदनों में से किसके सिर सजेगा ताज?
सैलाब में भी नहीं हिली ये इमारत! उस घर की मालकिन ने कैमरे पर क्या कहा? । Nepal FLood