
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब प्रदेश के 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउसों में कमरे ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे। बुकिंग प्रक्रिया के पूरी तरह डिजिटल होने से अब लोगों को पहले की तुलना में कमरों की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और बुकिंग की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लोक निर्माण विभाग ने यह नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। इसके लिए विभाग ने एकीकृत वेब-आधारित सर्किट हाउस सूचना प्रणाली (Circuit House Information System) तैयार की है। इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को रियल टाइम रूम उपलब्धता डैशबोर्ड और लाइव रूम स्टेटस की जानकारी मिलेगी।
इससे यह पता लगाना आसान हो जाएगा कि प्रदेश के किस सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में कितने कमरे खाली हैं। पहले यह पूरी प्रक्रिया ईमेल या फोन कॉल के जरिए मैनुअल तरीके से होती थी, लेकिन अब इसे पूरी तरह डिजिटल बना दिया गया है।
नई प्रणाली के तहत कमरों की बुकिंग के साथ भुगतान और रिकॉर्ड प्रबंधन भी पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। बुकिंग के दौरान आवेदक को अपना पहचान पत्र या अधिकृत पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। इसके बाद भुगतान भी केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा। भुगतान पूरा होने पर ई-मेल और एसएमएस के जरिए बुकिंग की रसीद स्वतः प्राप्त हो जाएगी। इसके अलावा सभी लेनदेन का रिकॉर्ड डिजिटल लेजर में सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे राजस्व की निगरानी करना आसान होगा।
इस नई व्यवस्था में विभाग के मुख्यालय और जिला स्तर पर केंद्रीकृत डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इसके माध्यम से सभी बुकिंग और राजस्व की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इससे न केवल राजस्व के नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। नई व्यवस्था लागू होने से सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग होगा, राजस्व में वृद्धि होगी और आम लोगों को भी इन सुविधाओं का लाभ सरल तरीके से मिल सकेगा।
नई व्यवस्था के तहत सर्किट हाउस के कुछ कमरे वीआईपी दौरे और आपातकालीन सरकारी कार्यों के लिए आरक्षित रहेंगे। इसके अलावा बचे हुए कमरे आम लोगों के लिए पहले आओ, पहले पाओ (First Come First Serve) के आधार पर उपलब्ध होंगे। लोग सर्किट हाउस सूचना प्रणाली की आधिकारिक वेबसाइट https://www.guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर आसानी से कमरे बुक कर सकते हैं।
विशेष परिस्थितियों में जिला प्रशासन की अनुमति से ऑन-द-स्पॉट बुकिंग भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। हालांकि यदि वीआईपी दौरे या प्रशासनिक आवश्यकता हो, तो जिला मजिस्ट्रेट को पहले से की गई बुकिंग को रद्द करने का अधिकार भी होगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।