
लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरनगर के मोरना स्थित द गंगा सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए 261.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि यह फैसला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा लिया गया यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने, समय पर गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने और चीनी उद्योग को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
मलिक ने बताया कि द गंगा सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता को पहले चरण में 2500 TCD से बढ़ाकर 3500 TCD किया जाएगा और भविष्य में इसे 5000 TCD तक ले जाने की योजना है। इसके लिए लगभग 262 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिससे मिल की उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस आधुनिकीकरण से पेराई प्रक्रिया तेज होगी, जिससे किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर मिल सकेगा। साथ ही, मिल के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। यह निर्णय न केवल मोरना क्षेत्र, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण मिल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा। इससे चीनी उद्योग को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और किसानों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान, चीनी मिलों का आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना विकास और किसान-हितैषी योजनाओं ने किसानों के मन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है। मलिक ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का गन्ना क्षेत्र लगातार प्रगति करता रहेगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।