
Nitin Nabin Biography: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय टीम में दिल्ली के दो अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन एक बार फिर चर्चा में हैं। जयप्रकाश को राष्ट्रीय मंत्री और राजीव बब्बर को नॉर्थ ईस्ट का सह-संयोजक बनाया गया है। संगठन में इस फेरबदल के बीच यह जानना भी दिलचस्प है कि आखिर नितिन नबीन कौन हैं, जिनके नेतृत्व में BJP अपनी नई राष्ट्रीय टीम को आगे बढ़ा रही है। जनवरी 2026 में 45 साल की उम्र में नबीन BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और इस पद पर पहुंचने वाले पार्टी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं। जानिए नितिन नबीन के एजुकेशन, करियर नेटवर्थ के बारे में पूरी डिटेल।
नितिन नबीन का राजनीति से रिश्ता नया नहीं है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा BJP के नेता और विधायक रहे थे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने राजनीति में सक्रिय भूमिका संभाली और 2006 में पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चुनावी राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत की। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने बांकीपुर से जीत दर्ज की। संगठन में भी नबीन का अनुभव लंबा रहा है। वह 2016 से 2019 तक BJP युवा मोर्चा की बिहार इकाई के अध्यक्ष रहे। इसके बाद बिहार सरकार में मंत्री के तौर पर भी काम किया। 2021 में उन्हें पहली बार मंत्री बनाया गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले वह बिहार सरकार में पथ निर्माण समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
नितिन नबीन की शैक्षणिक योग्यता को लेकर उपलब्ध चुनावी हलफनामे में उन्हें 12वीं पास बताया गया है। रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने CBSE, नई दिल्ली से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और C.S.K.M. पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली से 1998 में 12वीं की परीक्षा पूरी की थी। यानी BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचने वाले नबीन की औपचारिक शिक्षा 12वीं तक है, लेकिन उनकी राजनीतिक यात्रा में संगठन और चुनावी राजनीति का अनुभव काफी लंबा रहा है।
ये भी पढ़ें- अमित मालवीय कौन हैं? BJP IT सेल से 11 साल बाद हटाए गए, जानिए कितनी है नेटवर्थ
नितिन नबीन की संपत्ति का सबसे ताजा सार्वजनिक आंकड़ा 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे से मिलता है। ADR और MyNeta के मुताबिक उन्होंने कुल 3,06,96,962 रुपये यानी करीब 3.07 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। इसमें करीब 1.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उन पर करीब 56.66 लाख रुपये की देनदारियां भी घोषित हैं। इनमें बैंक और वित्तीय संस्थानों से जुड़े व्हीकल और होम लोन शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- BJP की नई टीम में उम्र का खेल! नितिन नबीन ने किसे दी तवज्जो, अनुभव या युवा चेहरे?
20 जनवरी 2026 को नितिन नबीन ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। वह जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बने। उनके अध्यक्ष बनने को BJP में पीढ़ीगत बदलाव के तौर पर भी देखा गया, क्योंकि 45 साल की उम्र में उन्होंने पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक पद की जिम्मेदारी संभाली। अब उनकी नई टीम में दिल्ली समेत अलग-अलग राज्यों के अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारियां देना यह दिखाता है कि नबीन के सामने केवल संगठन का नेतृत्व करना ही नहीं, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों के राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल करने की बड़ी चुनौती भी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।