Rahul Gandhi Childhood Story: सोनिया गांधी की किताब लॉन्च पर राहुल गांधी ने बचपन का अनसुना किस्सा सुनाया। बताया कब राजीव और सोनिया गांधी का एकमात्र झगड़ा हुआ था।

Rahul Gandhi Emotional Speech: राजनीति के मंच पर अक्सर तीखे तेवरों में दिखने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को बिल्कुल अलग और बेहद भावुक अंदाज में नजर आए। मौका था उनकी मां सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन का। दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने पैरेंट्स यानी राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते, बचपन की मासूम यादों और परिवार पर टूटे दुखों के पहाड़ को लेकर कई अनसुने किस्से शेयर किए।

जब दोस्त से राहुल ने पूछ लिया था मासूम सवाल

राहुल गांधी ने बताया कि बचपन में उन्हें अपने माता-पिता के बीच का प्यार बहुत ही सामान्य बात लगती थी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'जब भी हम साथ खाना खाने बैठते थे, तो पापा होते थे और पापा की गोद में मम्मा बैठी होती थीं। मुझे लगता था कि हर घर में ऐसा ही होता है।' एक दिन जब वो अपने किसी दोस्त के घर गए, तो उन्होंने बड़ी मासूमियत से अपने दोस्त से पूछ लिया, 'तुम्हारी मम्मी तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं?' राहुल का ये किस्सा सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे।

Scroll to load tweet…

राजीव और सोनिया गांधी के बीच कब हुआ था इकलौता झगड़ा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बीच हुए इकलौते झगड़े का राज भी खोला। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका ने अपनी पूरी जिंदगी में अपने मम्मी-पापा को सिर्फ एक बार झगड़ते हुए देखा था। उस वक्त राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह (जो बाद में पंजाब के मुख्यमंत्री बने) से बात कर रहे थे। उसी दौरान सोनिया गांधी उन्हें कुछ बताने की कोशिश कर रही थीं और उन्होंने अपनी बात तीन-चार बार दोहराई। फोन पर व्यस्त होने के कारण राजीव गांधी थोड़ा तनाव में आ गए और बस यही दोनों के बीच का इकलौता झगड़ा था।

पापा के जाने के बाद मम्मा की जिंदगी की लौ बुझ गई थी- राहुल गांधी

हंसी-मजाक के इन पलों के बाद माहौल तब गमगीन हो गया, जब राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या को याद किया। उन्होंने कहा, 'हमने एक के बाद एक सब कुछ बिखरते देखा। पहले हमारे परिवार का सहारा (इंदिरा गांधी) गोली का शिकार बनीं और फिर सबसे बड़ा सहारा (राजीव गांधी) एक धमाके में हमसे छिन गया।' राहुल ने आगे कहा कि पिता की मौत ने उनकी मां को पूरी तरह बदल दिया। वह पापा की थीं और पापा उनके थे। पहले जो मां हमेशा हंसती-मुस्कुराती और मस्ती करने वाली थीं, राजीव गांधी के जाने के बाद मानो उनकी जिंदगी की लौ ही बुझ गई थी।

Scroll to load tweet…

सोनिया गांधी ने क्यों लिखी यह किताब?

इस मौके पर सोनिया गांधी ने बताया कि आखिर उन्होंने यह किताब क्यों लिखी। उन्होंने कहा, 'हमारे परिवार के बारे में बहुत कुछ ऐसा कहा और लिखा गया है, जिसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। झूठी कहानियां गढ़ी गईं और दिल दुखाने वाली बातें कही गईं। मुझे लगा कि इस किताब के जरिए मैं अपनी भावनाएं और अपने परिवार की असली कहानी लोगों के सामने रख सकती हूं।' हार्परकॉलिन्स इंडिया (HarperCollins India) द्वारा प्रकाशित यह किताब 10 नवंबर से बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है।

Scroll to load tweet…

सोनिया की बुक लॉन्चिंग, BJP ने साधा निशाना

सोनिया गांधी की इस किताब के लॉन्च पर राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा देश की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव जैसे दिग्गज इस कार्यक्रम में शामिल हुए। दूसरी तरफ, इस किताब को लेकर सियासत भी गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब के जरिए इमरजेंसी और 1984 के सिख विरोधी दंगों के सच पर पर्दा डालने की कोशिश की है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इसे उनके जीवन का एक बेहद सच्चा और ईमानदार दस्तावेज बताया है।