Aadhav Arjuna Divorce News :तमिलनाडु सरकार में मंत्री और TVK नेता आधव अर्जुन अपनी पत्नी डेजी मार्टिन से 14 साल बाद अलग हो रहे हैं। दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया है। जानिए कौन हैं पत्नी डेजी…जिनके पिता दिग्गज कारोबारी तो मां है विधायक…
चेन्नई. तमिलनाडु की राजनीति से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। मुख्यमंत्री विजय की सरकार में मंत्री और TVK के बड़े नेता आधव अर्जुन और उनकी पत्नी डेजी मार्टिन ने शादी के 14 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। इसकी जानकारी डेजी ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं डेजी मार्टिन और इस रिश्ते के टूटने की वजह क्या है?
पत्नी ने सबसे पहले दी तलाक की जानकारी
- डेजी मार्टिन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि आधव अर्जुन और उन्होंने आपसी सहमति से पति-पत्नी के रूप में अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने लिखा कि 14 साल का सफर प्यार, समझ और बदलाव से भरा रहा। इस दौरान दोनों ने दोस्त, जीवनसाथी और माता-पिता के रूप में जिंदगी के कई पड़ाव साथ तय किए।
- डेजी ने यह भी साफ किया कि अलग होने के बावजूद उनके बच्चे की खुशी और बेहतर भविष्य उनकी पहली प्राथमिकता रहेंगे। दोनों मिलकर बच्चे की परवरिश की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने आधव के प्रति सम्मान जताते हुए उनके अच्छे भविष्य की कामना भी की।
कौन हैं मिनिस्टर जाधव अर्जन डेजी मार्टिन?
- डेजी मार्टिन देश के चर्चित कारोबारी सैंटियागो मार्टिन की बेटी हैं। सैंटियागो मार्टिन को लॉटरी किंग के नाम से भी जाना जाता है। उनका परिवार लॉटरी और दूसरे कारोबारी क्षेत्रों में सक्रिय है।
- डेजी खुद भी कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। वह Future Gaming & Hotel Services प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक रह चुकी हैं। उनकी मां लीमा रोज मार्टिन तमिलनाडु की ललगुड़ी विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि उनके भाई जोस चार्ल्स मार्टिन पुडुचेरी की राजनीति में सक्रिय हैं। इस तरह डेजी का परिवार कारोबार के साथ राजनीति में भी मजबूत पहचान रखता है।
कौन हैं मंत्री आधव अर्जुन?
- आधव अर्जुन तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। अभिनेता से राजनेता बने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी में उन्हें चुनाव अभियान प्रबंधन की अहम जिम्मेदारी मिली थी। वह पहले DMK और VCK से भी जुड़े रहे हैं।
- 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उन्होंने चेन्नई की विल्लीवक्कम सीट से TVK के टिकट पर जीत दर्ज की। इसके बाद उन्हें तमिलनाडु सरकार में लोक निर्माण और खेल विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली।
आखिर अलग होने की वजह क्या है?
- सबसे बड़ा सवाल यही है कि 14 साल पुराने रिश्ते में ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया? हालांकि, डेजी ने अपनी पोस्ट में अलग होने की कोई खास वजह नहीं बताई है। पिछले कुछ समय में आधव और डेजी के परिवार के बीच राजनीतिक और कारोबारी मतभेद सार्वजनिक जरूर हुए थे, लेकिन इन घटनाओं को उनके अलगाव की वजह मानना सही नहीं होगा।
- फिलहाल दोनों ने अपनी निजी जिंदगी में गोपनीयता बनाए रखने की अपील की है। यह भी स्पष्ट है कि अभी औपचारिक तलाक की कार्यवाही शुरू होने या पूरी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।










