शायना एनसी कौन हैं, जिन्होंने सोनिया गांधी की किताब के विरोध में गलती से बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी? जानिए फैशन डिजाइनर से नेता बनने तक का सफर और पूरा राजनीतिक विवाद।
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शिवसेना के दो गुट आमने-सामने हैं। इस बार विवाद की वजह बनी हैं शिंदे गुट की नेता शायना एनसी। सोनिया गांधी की किताब के विरोध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे ऐसी चूक हो गई, जिसने महाराष्ट्र की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने गलती से शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर ही फाड़ दी। इसके बाद उद्धव ठाकरे गुट ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आइए जानते हैं कौन हैं शायना एनसी और क्यों चर्चा में हैं?
कौन हैं शायना एनसी?
शायना एनसी का पूरा नाम शायना नाना चुडासमा है। वह फैशन डिजाइनर, राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनका जन्म 1 दिसंबर 1972 को मुंबई में हुआ था। वह मुंबई के पूर्व शेरिफ और जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता नाना चुडासमा की बेटी हैं।
शायना ने मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने न्यूयॉर्क के फैशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की। फैशन की दुनिया में उन्हें 'क्वीन ऑफ ड्रेप्स' के नाम से जाना जाता है। इसकी वजह है कि वह साड़ी को 54 अलग-अलग अंदाज में पहनने का हुनर रखती हैं। उनके नाम सबसे तेजी से साड़ी पहनने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है।
2004 में शुरू किया राजनीतिक सफर
शायना एनसी ने साल 2004 में बीजेपी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता, महाराष्ट्र इकाई की कोषाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रह चुकी हैं। करीब 20 साल तक बीजेपी में रहने के बाद अक्टूबर 2024 में उन्होंने एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया।
शिवसेना ने उन्हें मुंबई की मुंबादेवी विधानसभा सीट से टिकट दिया था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस के अमीन पटेल के हाथों हार का सामना करना पड़ा। अगस्त 2025 में उन्हें शिंदे गुट की शिवसेना का राष्ट्रीय प्रवक्ता भी नियुक्त किया गया।
कैसे फाड़ दी बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर?
दरअसल, 18 नवंबर को शिंदे गुट की शिवसेना ने सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। पार्टी का आरोप था कि किताब में वीर सावरकर और RSS को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं।
इसी दौरान शायना एनसी और दूसरे नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़ने शुरू किए। तभी शायना ने गलती से उस तस्वीर को फाड़ दिया, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल से प्रहार करते नजर आ रहे थे।
संजय निरुपम ने तुरंत उन्हें गलती का अहसास कराया। इसके बाद तस्वीर को कागजों के नीचे छिपा दिया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद उद्धव गुट ने जमकर विरोध किया। पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर समेत कई नेताओं ने नाराजगी जताई और शायना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने पर शायना ने सफाई दी कि उन्होंने बालासाहेब नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी। उन्होंने कहा कि बालासाहेब उनके लिए आदरणीय हैं। इस पूरे विवाद के बीच एकनाथ शिंदे ने भी उन्हें मुलाकात के लिए बुलाया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।