
13 Nov 2026 World End Theory: क्या सच में दुनिया खत्म होने वाली है? सोशल मीडिया पर आजकल 13 नवंबर 2026 की तारीख को लेकर काफी ज्यादा चर्चा है। कहा जा रहा है कि इस दिन कयामत आएगी। इस खौफनाक दिन में अब सिर्फ 4 दिन बचे हैं। तो सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों इस तारीख को दुनिया का अंत माना जा रहा है, ये बात कहां से निकलकर आई, किसने इसकी भविष्यवाणी की और क्या सच में हमें डरने की जरूरत है? आइए जानते हैं पूरा सच...
ये पूरा मामला शुरू हुआ 4 नवंबर 1960 को, जब 'साइंस' (Science) नाम की एक मशहूर और प्रतिष्ठित अमेरिकी मैगजीन में एक रिसर्च पेपर छपा। इस रिसर्च पेपर को ऑस्ट्रियाई-अमेरिकी प्रोफेसर हेंज वॉन फॉस्टर और उनके दो छात्रों ने लिखा था। इस पेपर का टाइटल था- 'डूम्सडे: शुक्रवार, 13 नवंबर 2026' (Doomsday: Friday, 13 November 2026)। इस रिसर्च पेपर में उन्होंने 2000 सालों के जनसंख्या डेटा की स्टडी करके गणित के हिसाब से बताया था कि इंसान की आबादी समय के साथ दोगुनी-तिगुनी रफ्तार से बढ़ती है।
उनके कैलकुलेशन के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को दुनिया की आबादी 'अनंत' (Infinity) हो जाएगी। प्रोफेसर वॉन ने अपने लेख में लिखा, 'हमारे परपोते-परपोतियां भूखे नहीं मरेंगे। उन्हें कुचलकर मार दिया जाएगा।' उनका तर्क था कि इंसान फूड टेक्नोलॉजी से भुखमरी का हल तो निकाल लेगा, लेकिन पॉपुलेशन इतनी ज्यादा हो जाएगी कि धरती पर रहने की जगह ही नहीं बचेगी। हालांकि, प्रोफेसर फॉस्टर की 1960 वाली असली रिसर्च में किसी भी खगोलीय घटना जैसे उल्कापिंड या ज्वालामुखी से दुनिया खत्म होने का कोई जिक्र नहीं था, उसमें सिर्फ आबादी के अनंत होने का गणित था।
साल 1964 में मिस्र (Egypt) के एक न्यूजपेपर में जियोलॉजिस्ट डॉ. मिशेल टेकला का एक आर्टिकल छपा, जिसने लोगों को और ज्यादा डरा दिया। उन्होंने दावा किया कि 13 नवंबर 2026 को सूरज में बहुत असामान्य हलचल होगी और बहुत ज्यादा ऊर्जा निकलेगी। कहा गया कि इससे धरती का चुंबकीय क्षेत्र (Magnetic Field) बिगड़ जाएगा और भयंकर भूकंप, ज्वालामुखी और बाढ़ जैसी आपदाएं आएंगी।
आपको बिल्कुल भी टेंशन लेने या डरने की जरूरत नहीं है, दुनिया खत्म नहीं हो रही है। इसके 3 सबसे बड़े कारण हैं...
फेल हो गया आबादी का कैलकुलेशन
1960 और 1964 के आसपास जनसंख्या बहुत तेजी से (करीब 2.24% दर से) बढ़ रही थी। लेकिन 1993 के बाद से ये रफ्तार कम होने लगी। आज 2026 में जनसंख्या वृद्धि दर घटकर सिर्फ 0.8% के करीब रह गई है। इसलिए वो पुराना कैलकुलेशन अब पूरी तरह गलत साबित हो चुका है।
सौर तूफान आम बात हैं
डॉ. टेकला ने जिस सौर तूफान की बात कही थी, वो सू्र्य में अक्सर होते रहते हैं। इनसे सैटेलाइट या बिजली ग्रिड पर थोड़ा असर पड़ सकता है, लेकिन इनसे एक दिन में पूरी धरती खत्म नहीं हो सकती।
अंतरिक्ष से कोई खतरा नहीं
हमारे वैज्ञानिक 24 घंटे सैटेलाइट्स के जरिए ब्रह्मांड पर नजर रखते हैं। 13 नवंबर को धरती से किसी एस्ट्रॉइड के टकराने या खगोलीय खतरे की कोई चेतावनी नहीं है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।