योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान: जातिवाद की राजनीति देश को कमजोर कर रही

Published : Mar 15, 2026, 08:22 PM IST
Yogi Adityanath

सार

चित्तौड़गढ़ में जौहर श्रद्धांजलि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिवाद की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महाराणा प्रताप, शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह के बलिदान को याद किया और कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति से सावधान रहना होगा।

चित्तौड़गढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्तौड़गढ़ की धरती से जातिवाद की राजनीति करने वालों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने प्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां सुनाते हुए कहा—

“मूल जानना बड़ा कठिन है नदियों का-वीरों का

धनुष छोड़कर और गोत्र क्या होता रणधीरों का

पाते हैं सम्मान तपोबल से भूतल पर शूर

जाति-जाति का शोर मचाते केवल कायर, क्रूर”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, जो लोग समाज के लिए कोई सकारात्मक काम नहीं करते, वे जातिवाद के नाम पर सामाजिक एकता को तोड़ने का प्रयास करते हैं। जातिवाद ने पहले भी देश को कमजोर किया है और आज भी इसकी राजनीति भारत की नींव को कमजोर कर रही है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। सीएम योगी चित्तौड़गढ़ के ईनाणी सिटी सेंटर में आयोजित जौहर श्रद्धांजलि समारोह में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया और पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह की पुस्तक का विमोचन भी किया।

रामसेतु और राम मंदिर पर विरोध करने वालों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग जातिवाद और अफवाहों के जरिए समाज में अविश्वास का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वे लोग हैं जिन्होंने कभी भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने राम मंदिर आंदोलन के दौरान विरोधियों के साथ मिलकर फैसले को टालने की कोशिश की थी। सीएम योगी ने कहा कि यही लोग रामसेतु को तोड़ने की बात करते थे और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे। उनके अनुसार, ऐसे तत्व संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

चित्तौड़गढ़ और मेवाड़ की वीरभूमि ने भारत को दी पहचान

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन है, लेकिन चित्तौड़गढ़ और राजस्थान की वीरभूमि की प्रेरणा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि उनके पूज्य दादा गुरु इसी भूमि से गोरखपुर गए थे। चित्तौड़गढ़, मेवाड़ और राजस्थान की वीरता, यहां की वीरांगनाओं के जौहर और मीराबाई की भक्ति भारत को प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्तौड़गढ़ का किला केवल पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि यह भारत की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है।

महाराणा प्रताप, शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह के संघर्ष को किया याद

मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे महान राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने अपने परिवार या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश, धर्म और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों के बलिदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कुर्बानी के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। इसी तरह महाराणा प्रताप, महाराणा सांगा, महारानी पद्मिनी, महाराणा कुंभा और बप्पा रावल का योगदान भारत के इतिहास में अमर है।

महारानी पद्मिनी के जौहर को बताया नारी अस्मिता का प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि इतिहास में 1303, 1535 और 1568 में चित्तौड़गढ़ में तीन बड़े जौहर हुए। यह घटनाएं नारी सम्मान और आत्मसम्मान की रक्षा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अलाउद्दीन खिलजी के धोखे से महाराणा रत्न सिंह वीरगति को प्राप्त हुए और सेनापति गोरा-बादल ने भी युद्ध में बलिदान दिया। इसके बाद महारानी पद्मिनी के नेतृत्व में हजारों वीरांगनाओं ने नारी अस्मिता की रक्षा के लिए जौहर किया। मुख्यमंत्री ने इसे माता सीता के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि यह नारी गरिमा और आत्मसम्मान का प्रतीक था।

उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस नीति

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में अब बेटियां स्कूल जाती हैं, नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और सुरक्षित घर लौटती हैं। यह हर भारतीय महिला का अधिकार है।

महाराणा सांगा के शौर्य का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा सांगा के शरीर पर 80 घाव थे, लेकिन उन्हें अपने व्यक्तिगत दर्द से ज्यादा देश की अस्मिता की चिंता थी। उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा ने लगातार संघर्ष करते हुए आक्रमणकारियों को भारत में पैर जमाने से रोका। वहीं महाराणा प्रताप ने कम उम्र में ही अकबर के खिलाफ युद्ध कर उसे कड़ी चुनौती दी।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि जब समाज अपने पूर्वजों और संस्कृति के प्रति समर्पित होता है, तब बड़े परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकजुटता का परिणाम है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और वहां गुलामी के प्रतीक समाप्त हो गए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्टों के विनाश के लिए दृढ़ संकल्प जरूरी होता है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीर सावरकर और स्वामी विवेकानंद को भी याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का प्रसिद्ध आह्वान “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” युवाओं को आज भी प्रेरित करता है। सीएम योगी ने कहा कि यदि नेताजी जीवित होते तो शायद पाकिस्तान का निर्माण भी नहीं होता।

भारत के वैभव और ग्राम स्वराज की अवधारणा पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि भारत का प्राचीन वैभव हमेशा प्रेरणा देता है। वैदिक काल में भारत की अर्थव्यवस्था गांवों पर आधारित थी, जहां किसान, कारीगर और व्यापारी समाज की रीढ़ थे। उन्होंने कहा कि आक्रमणकारियों और औपनिवेशिक शासन ने इस व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। अब आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में ग्राम पंचायत, ग्राम सभा और कस्बों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

सनातन परंपरा की अमरता पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में बाबर, औरंगजेब और अकबर के वंशजों का कोई स्पष्ट पता नहीं है, लेकिन महाराणा प्रताप और रानी पद्मिनी की परंपरा आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव अमर रहेगी और अनेक चुनौतियों के बावजूद इसे समाप्त नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद सीपी जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

British Citizenship विवाद में Rahul Gandhi को राहत, Allahabad High Court ने सुनाया बड़ा फैसला
Steve Jobs से Mark Zuckerberg तक, जानें नीम करौली बाबा के 15 VIP भक्तों के नाम