
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ऑपरेशन के बाद एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया और स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित आनंदलोक अस्पताल की बताई जा रही है। मृत युवक की पहचान 25 वर्षीय अभिषेक मद्धेशिया के रूप में हुई है। अभिषेक के पिता सुरेंद्र मद्धेशिया ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को पित्त की थैली में पथरी की समस्या थी। इसी वजह से मंगलवार को उसे ऑपरेशन के लिए आनंदलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद अचानक अभिषेक की हालत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने न तो समय पर सही जानकारी दी और न ही हालत खराब होने की सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Hapur Horror : चोरी के शक में 7 साल के बच्चे को 5 घंटे डीप फ्रीजर में रखा बंद-WATCH VIDEO
पीड़ित पिता का कहना है कि ऑपरेशन के बाद बेटे की हालत खराब होने की जानकारी उनसे छिपाई गई। यहां तक कि जब उसकी मौत हो गई, तब भी डॉक्टरों ने परिवार को तुरंत नहीं बताया। बाद में अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें बेटे की मौत की खबर दी। यह सुनते ही परिजन भड़क गए और अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि इसी बीच डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि जब वह बेटे के ऑपरेशन के लिए अस्पताल पहुंचे थे, तब वहां मौजूद दो स्टाफ ने उनसे एक अजीब सी बात कही थी। उन्होंने कहा था, “अभी हंस रहे हो, थोड़ी देर में रोना पड़ेगा।” उस समय उन्हें इस बात का मतलब समझ नहीं आया, लेकिन बेटे की मौत के बाद उन्हें शक है कि ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही हुई है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जानबूझकर गलत तरीके से ऑपरेशन किया गया, जिसकी वजह से उनके बेटे की जान चली गई।
अभिषेक मद्धेशिया गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 भगवानपुर का रहने वाला था। उसके पिता सुरेंद्र मद्धेशिया कस्बे में चाय की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पांच बच्चों में अभिषेक सबसे बड़ा था और पढ़ाई में काफी तेज था।
अभिषेक पिछले काफी समय से दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। हाल ही में उसने लिखित परीक्षा दी थी और परिवार को भरोसा था कि उसका चयन हो जाएगा। लेकिन ऑपरेशन के बाद हुई उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: कौन है वो शख्स जिसने ट्रंप को समझाया कि होर्मुज में जाना खतरे से खाली नहीं?
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।