Commonwealth Games 2022 का रंगारंग आगाज: प्रिंस चार्ल्स ने पढ़ा महारानी का संदेश, बर्मिंघम में लहराया तिरंगा

Commonwealth Games 2022: 8 अगस्त तक चलने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के इवेंट्स लोकल टाइम के अनुसार सुबह नौ बजे से शुरू होंगे जोकि भारतीय समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे से होगा। जबकि हर रोज लोकल टाइम के अनुसार रात दस बजे इवेंट्स समाप्त हो जाएंगे जोकि भारतीय समय के अनुसार दिन के करीब 2.30 बजे होगा।

Dheerendra Gopal | Published : Jul 28, 2022 6:31 PM IST / Updated: Jul 29 2022, 05:21 AM IST

Commonwealth Games इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का संदेश पढ़कर प्रिंस चार्ल्स ने गेम्स के उद्घाटन का ऐलान किया। ओपेनिंग सेरेमनी का उद्घाटन रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ। इसके पहले बैटन सौंपा गया और राष्ट्रमंडल का झंडा भी बाहर लाकर फहराया गया। 2022 राष्ट्रमंडल खेल के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रिंस चार्ल्स रहे। शहर के कार उद्योग के ट्रिब्यूट के लिए लोकल लेवल पर मैन्यूफैक्चर 72 कारों के बीच प्रिंस चार्ल्स भी अपनी कार चलाते हुए पहुंचे और इसी के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। सबसे पहले यूके का नेशनल एंथम गाया गया। इसके बाद क्वीन्स बैटन की यात्रा की झलकियों का स्टेडियम में प्रदर्शन किया गया। समारोह में बर्मिंघम शहर का इतिहास भी बताया गया, कैसे यह शहर बटन्स, सेलुलाइड फिल्म्स, कार हार्न, प्रिंटिंग प्रेस के लिए जाना जाता था। 

उद्घाटन समारोह में मलाला युसुफजई भी शामिल हुईं। बर्मिंघम में रह रहीं सामाजिक कार्यकर्ता और 2014 का नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला ने यहां शहर द्वारा उनका किए गए स्वागत के बारे में बात किया। मलाला ने बच्चों की शिक्षा का आह्वान किया। "बर्मिंघम में आपका स्वागत है" कहकर उन्होंने अपना भाषण समाप्त किया। 

महारानी का संदेश पढ़कर प्रिंस ने सुनाया और उद्धाटन की घोषणा

समारोह के मुख्य अतिथि, वेल्स के राजकुमार ने महारानी के पत्र को पढ़कर खेलों के उद्घाटन की घोषणा की। उद्घाटन के साथ ही अंततः क्वीन्स बैटन को लुईस मार्टिन के हवाले कर दिया जाता है। मार्टिन तक पहुंचने से पहले बैटन हॉकी के एलेक्स डैनसन, टेबल-टेनिस के किम डेबेल, बॉक्सिंग के गलाल याफाई, जिमनास्ट मैक्स व्हिटलॉक और ट्रैक एंड फील्ड के डेनिस लुईस के हाथों से गुजरा। डाइवर टॉम डेली बैटन को स्टेडियम तक लाए। बैटन की यह यात्रा साइप्रस से शुरू हुई और यहां पहुंचने से पहले 90,000 मील का सफर तय कर चुकी है। इसके बाद औपचारिक तौर पर राष्ट्रमंडल खेलों का झंडा बाहर लाकर फहराया गया।

एथलीट परेड की शुरूआत

उद्घाटन समारोह में सभी 72 टीमों ने परेड किया। CWG चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले एथलीट परेड किया। एथलीट परेड में सभी 72 देशों और क्षेत्रों के 6500 एथलीटों को परेड में भाग लेने का मौका मिला। ऑस्ट्रेलिया के पास अपनी टीम में 433 एथलीट हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाद कुक आइलैंड्स, किरिबाती, फिजी और फिर, न्यूजीलैंड ने परेड किया। बोत्सवाना ने पहले अफ्रीकी राष्ट्र के रूप में परेड किया तो उसके बाद कैमरून ने मार्च में भाग लिया। फिर केन्या, दक्षिण अफ्रीका, सेशेल्स, सिएरा लियोन, मलावी, मॉरीशस, मोजाम्बिक, नामीबिया, नाइजीरिया, रवांडा, सेशेल्स ने परेड किया। इसके अलावा बर्मिंघम एंगुइला, एंटीगुआ और बारबुडा, बारबाडोस, बेलीज, बरमूडा, ब्रिटिश वर्जिन आइल्स, कनाडा, केमैन आइलैंड्स, डोमिनिका, फ़ॉकलैंड आइलैंड्स, ग्रेनाडा, गुयाना, जमैका, मोंटसेराट, सेंट हेलेना, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंक और ग्रेनेडाइंस , बहामास, त्रिनिदाद और टोबैगो और तुर्क और कैकोस द्वीप समूह ने परेड किया। इसके बाद एशियाई देशों का नंबर आया। एशियाई देशों में सबसे पहले बांग्लादेश की टीम ने परेड किया। परेड में भारतीय टीम का नेतृत्व शटलर पीवी सिंधु ने किया। उनके साथ भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह रहे। इंडिया के बाद पाकिस्तान टीम ने परेड किया।

बुल रिंग के जरिए 19वीं शताब्दी में महिलाओं के साथ दोहरे व्यवहार का चित्रण

कॉमनवेल्थ उद्घाटन समारोह में एक बडे़ बुल रिंग को दिखाया गया। बुल रिंग को बर्मिंघम में खौफ की नजर से देखा जाता है। यहां 10 मीटर ऊंचे बुल रिंग का प्रदर्शन किया गया।  इसको बनाने में पांच महीने का वक्त लगा। यह महिलाओं के साथ 19वीं शताब्दी में हुए दोहरे व्यवहार को दर्शाता है। इस काले इतिहास को दिखाकर श्रद्धांजलि दी गई। दरअसल, 19वीं शताब्दी में इन कारखानों में महिला श्रमिकों को कम वेतन और अधिक काम दिया जाता था। उन्होंने जो जंजीरें बनाईं, उनका इस्तेमाल दास व्यापार में किया गया था, लेकिन उनकी स्थिति स्वयं दासों से बेहतर नहीं थी।

बर्मिंघम के इतिहास को याद कर महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि

उद्घाटन समारोह में बर्मिंघम के सांस्कृतिक विकास का एक कलात्मक चित्रण किया गया। शहर के रहने वाले महान चार्ली चैपलिन को श्रद्धांजलि शामिल है। इसके पहले राष्ट्रगान के बाद ब्रिटिश रॉयल एयर फ़ोर्स की एरोबेटिक्स डिस्प्ले टीम रेड एरो से फ्लाई-बाय किया जाता है। मल्टी-स्पोर्टिंग इवेंट वाले इस खेल आयोजन के उद्घाटन समारोह में ब्लैक सब्बाथ बैंड के गिटारवादक टोनी लोमी ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। टोनी ने बर्मिंघम में मीलों-मील फैले जलमार्गों को ट्रिब्यूट देते हुए बैलेट प्रस्तुत किया।

बर्मिंघम के ऑटो उद्योग को ट्रिब्यूट देने प्रिंस चार्ल्स भी पहुंचे कार चलाकर

बर्मिंघम ने ब्रिटिश ऑटोमोटिव उद्योग के इतिहास में एक अग्रणी भूमिका निभाई है। इसके लिए ट्रिब्यूट के रूप में पांच दशकों से 72 कारें स्टेडियम में इकट्ठी की गई। स्टेडियम में प्रदर्शित की गई ये सभी कारें यहां लोकल मैन्यूफैक्चर की गई थीं। इन कारों के बीच प्रिंस चार्ल्स भी अपनी कार चलाते हुए पहुंचे। प्रिंस चार्ल्स अपनी एस्टन मार्टिन कार को चलाकर पहुंचे जिसे उन्होंने 1970 के दशक में खरीदा था।

कॉल टू गैदर सीक्वेंस

समारोह शुरू होने के साथ कॉल-टू-गैदर का नेतृत्व करते हुए ड्रमर अब्राहम पैडी टेटेह ने अलेक्जेंडर स्टेडियम में अपनी प्रस्तुति दी। तेतेह के बाद भारतीय शास्त्रीय गायिका रंजना घटक ने प्रस्तुति दी। ऐसा कर शहर की विविधता को प्रदर्शित किया गया। दरअसल, यह शहर विभिन्न संस्कृतियों का गवाह है। यहां दुनिया के विभिन्न देशों के लोग रहते हैं।  

बुधवार को पहुंचा क्वीन्स बैटन

क्वीन्स बैटन बुधवार को बर्मिंघम के गेम्स विलेज में पहुंचा। राष्ट्रमंडल खेलों में 72 से अधिक देशों और क्षेत्रों के एथलीट भाग ले रहे हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के पिछले संस्करण में 66 पदक जीते थे। उद्घाटन समारोह में गुरुवार को करीब 30 हजार लोग स्टेडियम पहुंचे थे।

इवेंट वेस्ट मिडलैंड रीजन में फैले कुल 15 जगहों पर होंगे

कॉमनवेल्थ गेम्स का लाइव टेलीकॉस्ट ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही शुरू हो गया। कॉमनवेल्थ गेम्स के सभी इवेंट वेस्ट मिडलैंड रीजन में फैले कुल 15 जगहों पर होंगे। जिसमें से 7 स्थान केवल बर्मिंघम शहर के ही हैं। कुल 72 देशों के खिलाड़ी 20 खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। 8 अगस्त तक चलने वाले टूर्नामेंट में 280 इवेंट्स होंगे।

ये है कॉमनवेल्थ गेम्स की पूरी जानकारी

कॉमनवेल्थ गेम्स की औपचारिक शुरुआत गुरुवार 28 जुलाई को किया गया। 8 अगस्त तक चलने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के इवेंट्स लोकल टाइम के अनुसार सुबह नौ बजे से शुरू होंगे जोकि भारतीय समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे से होगा। जबकि हर रोज लोकल टाइम के अनुसार रात दस बजे इवेंट्स समाप्त हो जाएंगे जोकि भारतीय समय के अनुसार दिन के करीब 2.30 बजे होगा।

किसके पास ब्रॉडकास्ट राइट्स

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के ब्रॉडकास्ट राइट्स SunSetVine+ के पास हैं। भारत में सोनी पिक्चर्स स्पोर्ट्स नेटवर्क (SPSN) प्रसारण करेगा। भारत में डीडी स्पोर्ट्स भी इवेंट्स का प्रसारण करेगा। यूके में बीबीसी के पास प्रसारण राइट्स हैं तो ऑस्ट्रेलिया में सेवेन नेटवर्क, ब्रूनेई में आरटीबी, कनाडा में कनैडियन ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन से प्रसारण होगा। सिंगापुर में मीडियकॉर्प, न्यूजीलैंड में स्काई एनजेड द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स का ब्रॉडकास्ट किया जाएगा।

भारत में यहां देखें लाइव

भारत में बॉडकास्ट का अधिकार सोनी पिक्चर्स स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। आप कॉमनवेल्थ गेम्स के इवेंट्स Sony TEN1 SD/HD, Sony TEN2 SD/HD, Sony TEN3 SD/HD, Sony TEN4 SD/HD और Sony SIX SD/HD पर देख सकते हैं। इसके अलावा Doordarshan और DD Sports पर भी डेली लाइव प्रसारण देख सकते हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स की लाइव स्ट्रीमिंग भी Sony LIV पर देखा जा सकता है।

यह भी पढ़ें: कैसे देश के लिए मेडल जीतेंगे खिलाड़ी जब कोच ही नहीं मिलेंगे, बॉक्सर लवनीना ने लगाया BFI पर उत्पीड़न का आरोप

Read more Articles on
Share this article
click me!