
वर्दमान. गोमाता को लेकर देश में एक अलग तरह की राजनीति चल रही है। इसी बीच पश्चिम बंगाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक नया 'उद्घोष' किया है। उन्होंने विदेशी गायों को आंटी बताया है। घोष ने कहा कि देसी गायें विदेशी नस्लों की गायों की तरह आवाज नहीं करतीं। घोष ने विदेशी गायों की पूजा को भी गलत ठहराया है। घोष बर्दवान के टाउनहाल में 'गवी (गाय) कल्याण समिति' के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
दिलीप घोष ने दो टूक कहा कि विदेशी नस्ल की गाय 'गोमाता' नहीं होतीं। इसलिए उनकी पूजा नहीं करनी चाहिए। घोष ने कहा कि देसी गायों में सोना होता है। इसी वजह से उनके दूध का रंग भी सुनहरा होता है। घोष ने वैज्ञानिक तरीके से तर्क दिया कि गायों में एक नाड़ी (ब्लड वेसल) होती है। यही धूप के जरिये सोने का उत्पादन करती है। घोष ने कहा कि विदेशी गायें सिर्फ एक जानवर हैं। विदेशी गायों की पूजा को गलत ठहराते हुए घोष ने कहा कि हमारे देश के देवता भी विदेशी चीजें मंजूर नहीं करते।
घोष ने विदेशी गायें पालने वालों पर तंज कंसते हुए कहा कि अंग्रेजी में पढ़े-लिखे लोग अंग्रेजी पत्नी पसंद करते हैं। घोष ने बगैर राजीव गांधी का नाम लिए कहा कि कुछ नेताओं ने भी अंग्रेजी लड़कियों से शादी की। विदेशी पत्नियां यहां के नेताओं पर बुरा असर डाल रही हैं। नेताओं को जेल तक जाना पड़ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गोमांस खाने वालों को नसीहत दी कि उन्हें कुत्ते का मांस खाना चाहिए। यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। ये लोग किसी भी जानवर का मांस खाएं, लेकिन अपने घर पर। उन्हें कौन रोक रहा है।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.