Goa Election 2022 : TMC उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, देखिए किन चेहरों पर जताया भरोसा

गोवा में 14 फरवरी को मतदान होना है। 10 मार्च को नतीजे आएंगे। राज्यसभा सदस्य लुईजिन्हो फलेरियो को फतोर्दा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। इस सीट से फिलहाल गोवा फॉरवार्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई विधायक हैं।

Asianet News Hindi | Published : Jan 19, 2022 3:03 AM IST / Updated: Jan 19 2022, 08:45 AM IST

पणजी : गोवा विधानसभा चुनाव (Goa Election 2022) की तैयारियों में जुटी राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवारों की लिस्ट अब सामने आने लगी है। बीजेपी-कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के साथ कदमताल करते हुए अब तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी अपने कैंडिडेट्स फाइनल कर दिए हैं। मंगलवार को जारी TMC की पहली लिस्ट में 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसमें राज्यसभा सांसद को भी मैदान में उतारा गया है।

राज्यसभा सांसद पर भरोसा
गोवा में 14 फरवरी को मतदान होना है। 10 मार्च को नतीजे आएंगे। इस चुनाव में जीत के इरादे से उतरी ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में राज्यसभा सदस्य लुईजिन्हो फलेरियो पर भरोसा जताया है। उन्हें फतोर्दा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। इस सीट से फिलहाल गोवा फॉरवार्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई विधायक हैं।

इन चेहरों पर भरोसा
जीएफपी के पूर्व नेताओं किरन कंदोल्कर और जगदीश भोबे राज्य के अल्दोना और संत आंद्रे सीटों से चुनाव लड़ेंगे। दोनों ने मंगलवार को ही सरदेसाई नीत पार्टी से इस्तीफा दिया था। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ बेनौलिम और उनकी बेटी वलांका को नवेलिम सीटों से टिकट मिला है। भाजपा के पूर्व नेता संदीप वजार्कर को पोरवोरिम से, समिल वोल्वोईकर को कुम्भार्जुआ, गनपत गांवकर को पोरिम, गिल्बर्ट मारिआनो रोड्रिग्ज को कोर्टालिम, जोस राजू कबराल को नुवेम और डॉक्टर जोर्सन फर्नाडिस को कुनकोलिम से टिकट दिया गया है।

गोवा में गठबंधन में है TMC
ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा चुनाव महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ रही है। साल 2017 के विधानसभा चुनावों में एमजीपी ने 40 में से तीन सीटें जीती थीं, बाद में उसके दो विधायकों ने भाजपा (BJP) का दामन थाम लिया, अब उसका केवल एक विधायक बचा है। दोनों दलों का विश्वास है कि गोवा चुनावों में उनका अच्छा प्रदर्शन रहेगा।

कांग्रेस से गठबंधन की नहीं बनी बात
इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस (Congress) से गठबंधन की इच्छा जाहिर की है। हालांकि इसको लेकर कांग्रेस की तरफ से कोई अच्छा रिसपॉन्स नहीं मिला है। माना जा रहा है कि कांग्रेस TMC के हालिया कांग्रेस विरोधी बयानों से काफी नाराज है। क्योंकि इन्हीं बयानों की वजह से दूसरी पार्टियों को कांग्रेस के विरोध में स्वर ऊंचे करने का पूरा मौका मिला। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि पार्टी इसलिए भी टीएमसी से गठबंधन नहीं चाहती क्योंकि वह जानती है कि टीएमसी के पास गोवा में उसे देने के लिए कुछ भी नहीं है।

इसे भी पढ़ें-Goa Election 2022: गोवा में AAP का CM फेस कौन, अरविंद केजरीवाल आज करेंगे ऐलान

इसे भी पढ़ें-Goa Election 2022 : कांग्रेस उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी, देखिए किसे कहां से मिला मौका

Read more Articles on
Share this article
click me!