हरभजन सिंह ने किसानों की बेटियों के लिए दान किया राज्यसभा वेतन, कहा- देश के भले के लिए जो संभव होगा करूंगा

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने अपना वेतन किसानों की बेटियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए दान करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि देश के भले के लिए जो संभव होगा करूंगा।

Asianet News Hindi | Published : Apr 16, 2022 9:20 AM IST

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और क्रिकेटर हरभजन सिंह ने किसानों की बेटियों की शिक्षा और बेहतरी के लिए अपना राज्यसभा वेतन देने का फैसला किया है। उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर इसकी घोषणा की। अपने ट्वीट में हरभजन सिंह ने लिखा, 'एक राज्यसभा सदस्य के रूप में मैं किसानों की बेटियों की शिक्षा और कल्याण के लिए अपना आरएस वेतन योगदान देना चाहता हूं। मैं अपने राष्ट्र की बेहतरी में योगदान करने के लिए शामिल हुआ हूं और मैं वह सब कुछ करूंगा जो मैं कर सकता हूं। जय हिंद।'

 

 

निर्विरोध चुने गए थे हरभजन सिंह
बता दें कि हरभजन सिंह पिछले महीने पंजाब से राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध चुने गए थे। उन्होंने दिसंबर 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी। हरभजन भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर थे। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी भी की थी। इन दिनों वह आईपीएल में कमेंटरी कर रहे हैं।

आप ने भेजा था राज्यसभा
आम आदमी पार्टी ने 31 मार्च 2022 को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और संजीव अरोड़ा को नामित किया था। सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे। पार्टी ने पंजाब के 117 विधानसभा सीटों में से 92 पर जीत हासिल कर क्लीन स्वीप किया था।

यह भी पढ़ें- मोरबी में 108 फीट की मूर्ति के लोकार्पण पर बाेले PM मोदी-हनुमानजी 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के अहम सूत्र

कांग्रेस में शामिल होने की लगी थी अटकलें
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हरभजन सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई गईं थी। नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मुलाकात के बाद कहा जा रहा था कि हरभजन कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, लेकिन वह कांग्रेस में शामिल नहीं हुए। पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत के बाद आप ने हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें- आसनसोल लोकसभा और चार राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में BJP हुई 'खामोश'

Read more Articles on
Share this article
click me!