Punjab Election 2022: सिद्धू के बाद अरविंद केजरीवाल भी लाए पंजाब मॉडल, 24 घंटे मुफ्त बिजली, नशा मुक्त का वादा

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं मानता हूं कि अगर संयुक्त समाज मोर्चा (बलबीर सिंह राजेवाल के नेतृत्व वाला) पंजाब विधानसभा चुनाव अलग से लड़ता है तो यह निश्चित रूप से आम आदमी पार्टी के वोटों को नुकसान पहुंचाएगा।

Asianet News Hindi | Published : Jan 12, 2022 7:20 AM IST / Updated: Jan 12 2022, 01:09 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव आ गए हैं। एक दिन पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी के मैनिफेस्टो से पहले खुद का पंजाब मॉडल लॉन्च कर सियासत गरमा दी तो दूसरे दिन चंडीगढ़ आए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब मॉडल पेश किया। केजरीवाल ने इसे आगे के लिए रोडमैप और विकास का विजन बताया। इसमें उन्होंने 10 मुद्दे शामिल किए हैं। उन्होंने कहा कि 1947 से लेकर अब तक की सबसे ईमानदार पार्टी आम आदमी पार्टी है और एक भी टिकट नहीं बेचा गया है। केजरीवाल बुधवार को यहां मोहाली में प्रेस को संबोधित कर रहे थे।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग मन बना चुके हैं कि इस बार आम आदमी पार्टी को ही मौका देना है। हमने जनता के सुझावों को लेकर 10 प्वाइंट का पंजाब मॉडल बनाया है। इस मॉडल में 10 एजेंडे है। केजरीवाल ने कहा कि मैं मानता हूं कि अगर संयुक्त समाज मोर्चा (बलबीर सिंह राजेवाल के नेतृत्व वाला) पंजाब विधानसभा चुनाव अलग से लड़ता है तो यह निश्चित रूप से आम आदमी पार्टी के वोटों को नुकसान पहुंचाएगा। अगर AAP पंजाब में सत्ता में आती है तो हम 18 साल से ज्यादा उम्र की हर महिला को 1 हजार रुपए प्रति माह देंगे।

रोजगार के लिए कनाडा से वापस पंजाब लौटेंगे युवा
केजरीवाल ने कहा कि यदि AAP सत्ता में आती है तो हमने राज्य को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए 10 सूत्रीय ‘पंजाब मॉडल’ तैयार किया है। हम ऐसा समृद्ध पंजाब बनाएंगे कि रोजगार के लिए कनाडा गए युवा अगले 5 साल में लौट आएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अगर सत्ता में आए तो हम पंजाब से ड्रग सिंडिकेट का सफाया कर देंगे। बेअदबी के सभी मामलों में न्याय सुनिश्चित करेंगे और भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे। हर पंजाबी को मुफ्त इलाज मुहैया कराएंगे। 

हम 24 घंटे मुफ्त बिजली भी देंगे : केजरीवाल
केजरीवाल का कहना था कि हमने लोगों के इनपुट के आधार पर एक पंजाब मॉडल तैयार किया है, पंजाब मॉडल के दस एजेंडा हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो एक नया, खुशहाल और तरक्की वाला पंजाब बनाएंगे। हमारे 10 एजेंडा हैं- रोजगार के अवसर पैदा करना, नशे के सिंडिकेट को खत्म करना, पंजाब में शांति व्यवस्था कायम करना, भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब, शिक्षा व्यवस्था को शानदार करना, पंजाब में 16 हजार मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाएंगे, पंजाब में 24 घंटे मुफ़्त बिजली देंगे।

मजीठिया और चन्नी मिले हुए हैं
बिक्रम सिंह मजीठिया मामले में केजरीवाल का कहना था कि मैंने कांग्रेसियों का हाथ नहीं पकड़ा था कि इस आदमी को गिरफ्तार मत करना? आज कल चन्नी साहब कहते फिर रहे हैं कि केजरीवाल ने माफी मांगी ली। सारा पंजाब देख रहा है कि तुम दोनों (बिक्रम और चन्नी) मिले हुए हो। केजरीवाल ने कांग्रेस और अकाली दल पर हमला किया और कहा कि बादल परिवार ने पंजाब में 19 साल और कांग्रेस ने 25 साल राज किया, लेकिन इन दोनों ही पार्टियों ने पंजाब को लूटा। 

केजरीवाल ने इन 10 एजेंडों का ऐलान किया
रोजगार: यहां रोजगार की बहुत ज्यादा समस्या है, जिसकी वजह से ज्यादातर युवा विदेश चले जाते हैं। हमारी सरकार बनी तो ऐसा कर देंगे कि विदेशों में बसे बच्चे वापस पंजाब आ जाएंगे।
नशा: आधे युवा विदेश चले जाते हैं और जो बच जाते हैं वो नशे में डूबे रहते हैं। पिछली सरकारों ने नशे पर लगाम लगाने के लिए ऐलान किए, लेकिन कुछ नहीं किया। आप की सरकार बनी तो पंजाब से नशा खत्म करेंगे।
कानून व्यवस्था कायम करना: पंजाब में हमारी सरकार बनी तो राज्य में कानून व्यवस्था लागू करेंगे और बेअदबी के मामलों में न्याय होगा। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
भ्रष्टाचार मुक्त: पंजाब में आप की सरकार बनी तो राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे। जैसा हमने दिल्ली को बनाया है। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू करेंगे।
शिक्षा: सरकार बनने पर शिक्षा के स्तर में सुधार करेंगे। गरीबों के बच्चों को शिक्षा दिलाएंगे। अच्छे स्कूल खोले जाएंगे। दिल्ली की तरह शिक्षा व्यवस्था में सुधार करेंगे।
स्वास्थ्य: हमारी सरकार बनी तो हम पंजाब के लोगों को इलाज की गारंटी देंगे। इसके लिए दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में 16,000 मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाएंगे। हर पंजाबी को मुफ्त इलाज देंगे।
बिजली: राज्य में फ्री बिजली दी जाएगी और 24 घंटे बिजली देंगे। बिजली को लेकर कोई परेशानी नहीं आने देंगे।
महिलाओं को आर्थिक मदद: पंजाब की महिलाओं को आर्थिक मदद देंगे। 18 साल से ज्यादा उम्र की हर महिला के खाते में हर महीने 1 हजार रुपए डाले जाएंगे।
कृषि: हमारी सरकार बनी तो खेती व्यवस्था को ठीक करेंगे और कृषि क्षेत्र में सुधार करेंगे। किसानों के हक में फैसले लिए जाएंगे। किसी तरह की परेशानी नहीं आने देंगे।
व्यापार और इंडस्ट्री: राज्य के व्यापार और इंडस्ट्री व्यवस्था में सुधार करेंगे। सही नीतियों का लागू करेंगे। व्यापारियों के काम को आसान किया जाएगा।

Punjab Election 2022 : चंडीगढ़ पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सरकार को घेरा, CM फेस पर कही ये बड़ी बात

Punjab election 2022: आप ने पंजाब चुनाव जीतने के लिए जारी किया ऐसा पैम्फलेट, जिस पर छिड़ गया विवाद...

Punjab Election 2022: सिद्धू ने कांग्रेस के मैनिफेस्टो से पहले अपना पंजाब मॉडल लॉन्च किया, CM चन्नी पर तंज कसा
Punjab Election 2022 : दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं CM चरणजीत सिंह चन्नी, देखिए कहां-कहां से आजमाएंगे किस्मत

Read more Articles on
Share this article
click me!