पंजाब चुनाव : कांग्रेस-आप पर निशाना, विकास की बात, जानिए बीजेपी को जिताने पीएम मोदी ने क्या कहा

Published : Feb 17, 2022, 01:21 PM ISTUpdated : Feb 17, 2022, 02:31 PM IST
पंजाब चुनाव : कांग्रेस-आप पर निशाना, विकास की बात, जानिए बीजेपी को जिताने पीएम मोदी ने क्या कहा

सार

पीएम ने कहा कि मैं बीते कुछ दिनों में पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में गया हूं। पूरे पंजाब में आज एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा को जीताना है, NDA को जीताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाना है। डबल इंजन की सरकार मतलब, पंजाब का इस दशक में सबसे तेज विकास।

फाजिल्का : पंजाब के चुनावी मैदान (Punjab Chunav 2022) में प्रचार करने उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अबोहर में जनसभा को संबोधित किया और एक बार फिर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने पंजाब के लोगों से बीजेपी के लिए एक मौका मांगा। पीएम ने कहा कि मैं बीते कुछ दिनों में पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में गया हूं। पूरे पंजाब में आज एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा को जीताना है, NDA को जीताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाना है। डबल इंजन की सरकार मतलब, पंजाब का इस दशक में सबसे तेज विकास। पंजाब से रेत माफिया, ड्रग माफिया की विदाई। पंजाब की औद्योगिक इकाइयों में नई ऊर्जा। पंजाब के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के नए मौके।

एक बार सेवा का मौका दें - पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरे समर्पित भाव से पंजाब के लोगों के सामने पंजाब की सुरक्षा और विकास का संकल्प लेकर आई है। एक बार भाजपा को आपकी सेवा करने का मौका दीजिए।
फिर देखिएगा कि डबल इंजन की सरकार कैसे पंजाब को तेज गति से आगे बढ़ाती है। आप देखिए, देश के इतने सारे राज्य हैं जहां कांग्रेस एक बार गई, फिर लौटकर नहीं आई और जहां भाजपा को आशीर्वाद मिल गया, वहां तो कांग्रेस जड़-मूल से साफ हो गई। पंजाब के किसानों को नई सोच और विजन वाली सरकार चाहिए। किसान को बेहतर फसल, कम लागत और बेहतर कीमत की जरूरत है। इसके लिए हमारी सरकार बीज से बाजार तक नई व्यवस्था बना रही है।

कांग्रेस की नीतियों ने सब बर्बाद कर दिया
पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में आज हर व्यापार, माफियाओं के कब्जे में है। व्यापारियों को माफियाओं की कृपा पर जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसकी सबसे बड़ी तकलीफ हमारे छोटे व्यापारियों को हो रही है। इतनी संभावनाओं से भरा पूरा पंजाब, लेकिन इंडस्ट्रीज़ यहां से छोड़कर जा रही हैं। कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण यहां जल्दी कोई आने को तैयार नहीं।
इन स्थितियों को भी डबल इंजन की सरकार ही बदल सकती है। पंजाब में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा पारदर्शी सरकार होगी तो, न उद्योगों को पलायन करना पड़ेगा और न नौजवानों को अपना गांव, अपने दोस्त, अपने बूढ़े मां बाप, अपने खेत खलिहान छोड़कर पंजाब से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। गरीब की तकलीफ दूर हो, उसका जीवन आसान बने,ये हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का काम है।

बीजेपी का विजन, आप पर निशाना
पीएम ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कोरोना काल में भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और मुफ्त वैक्सीन भी दे रही है।आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों को मिल रहा है। आयुष्मान भारत कार्ड से पंजाब का नागरिक हिंदुस्तान में कहीं भी जाएगा उसको इलाज मुफ्त मिलेगा। एक और दुख की बात है कि अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ जाएंगे तो आपका इलाज हो जाएगा, लेकिन दिल्ली जाएंगे जहां मुख्यमंत्री जो बैठे हैं वो दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए मना कर देंगे।
क्योंकि इस योजना के साथ वो जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। हमारा पंजाब सीमावर्ती राज्य है। इस पर सीमापार से हमेशा नापाक नजरें बनी रहती हैं, गड़ी रहती हैं। इसलिए यहां जो सरकार बनेगी वो राष्ट्र प्रथम, Nation First की प्रतिबद्ध सरकार होनी चाहिए, ढुलमुल रवैये वाले लोग नहीं होने चाहिए।

चन्नी के यूपी-बिहार वाले बयान पर घेरा
पीएम ने सीएम चन्नी के यूपी-बिहार वाले बयान पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, वो पूरे देश ने देखा। अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों। कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है। वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में। क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?

कांग्रेस को क्राइम पार्टनर मिल गया
पीएम ने कांग्रेस और आप  पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते, वो लोग आपसे वोट मांग रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है क्या? कांग्रेस की जो ‘पार्टनर इन क्राइम’ पार्टी है, वो भी एक के बाद एक झूठ पंजाब में आकर बोल रही है। ये वो लोग हैं जिनकी दिल्ली में सरकार है। आज पंजाब में आकर सिखों को झूठ बोलने वाले इन लोगों ने दिल्ली में एक भी सिख को मंत्री नहीं बनाया है। ये झूठ बोलने के महारथी हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो ये पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। दिल्ली में जाओ तो पंजाब के किसानों को गाली दो और यहां आओ तो किसानों को गले लगाने की बात करों। ये फरेब चलेगा क्या?

कुमार विश्वास के बयान को लेकर केजरीवाल को घेरा
मोदी ने कहा कि बात इतनी ही नहीं है, इनके इरादे कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। इनके पुराने विश्वस्त साथी रहे और कवि और चिंतक होने के नाते देश भर में उनके कवि सम्मेलनों को सुनने के लिए देश भर में युवा पीढ़ी उनका इंतजार करती है। ऐसे इंसान ने कल कह दिया और जो आरोप लगाया है वो बहुत खतरनाक है। ये लोग पंजाब को तोड़ने का सपना पाले हुए हैं। ये लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार हैं। सत्ता पाने के लिए इन लोगों को अगर देश भी तोड़ना पड़े, तो ये लोग उसके लिए भी तैयार हैं। इनका एजेंडा और देश के दुश्मनों का एजेंडा, पाकिस्तान का एजेंडा अलग है ही नहीं। इसलिए ही ये पंजाब में ड्रग्स के नेटवर्क को बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए ही ये बॉर्डर पर बीएसएफ के बढ़ते अधिकारों पर आवाज उठाते हैं।
यही इन लागों का मंसूबा है, यही उनकी सोच है। अराजकता और अलगाव के नशे में डूबे इन लोगों को पता नहीं कि पंजाब क्या है!

फर्स्ट टाइम वोटर्स से अपील
पीएम ने फर्स्ट टाइम वोटरों से अपील करते हुए कहा कि  मैं विशेष तौर से फर्स्ट टाइम वोटर्स से कहना चाहता हूं कि ये फर्स्ट टाइम वोट आपकी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण अवसर है। जब आप वोट डालने जा रहे हैं, मतलब अब आप पंजाब का भविष्य तय करने के निर्णय में भागीदार बन रहे हैं। पंजाब उन गुरुओं, उन शहीदों की भूमि है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये थे। ये पंजाब और ये भारत किसी की साजिशों से टूटने वाला नहीं है। ये सामान्य चुनाव नहीं है। ये पंजाब के वर्तमान और भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। 20 तारीख को पंजाब के लोगों को इनके अपराधों का हिसाब करना है।

इसे भी पढ़ें-नीतीश कुमार ने कहा- हैरान करने वाला है चन्नी का बयान, क्या वे जानते हैं पंजाब में बिहारियों का कितना योगदान


इसे भी पढ़ें-पंजाब चुनाव : कांग्रेस-आप पर निशाना, विकास की बात, जानिए बीजेपी को जिताने पीएम मोदी ने क्या कहा
 

PREV

पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

पटियाला क्राइम: नीले ड्रम में मिली लड़की की लाश, हाथ पर 'नेहा' और दिल पर बना था टैटू
Punjabi Singer Drug Case: क्या हरबीर सिंह सोहल इस इंटरनेशनल सप्लाई चेन का अहम लिंक था या सिर्फ मोहरा?