प्यार में बदली दो लड़कियों की फ्रेंडशिप.. बहन की ननद पर आया दिल तो भागकर रचा ली शादी, अब साथ रहने पर अड़ीं

22 साल की लड़की करीब एक साल पहले अपनी बहन के ससुराल चूरू के रतनगढ़ में आई थी। यहां उसकी दोस्ती बहन की 18 साल की ननद से हो गई। साथ रहते-रहते दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और यह प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

Asianet News Hindi | Published : Jan 14, 2022 9:32 AM IST

चुरू : राजस्थान (Rajasthan) के चूरू (Churu) जिले में दो लड़कियों की दोस्ती कब प्यार में बदल गई, परिवार वालों को पता ही नहीं चला। दोनों ने भागकर शादी कर ली है। परिजन नाराज हैं लेकिन दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। एक साल पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई थी। दोनों के परिवार के बीच रिश्तेदारी है। नवंबर 2021 में दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। घर वालों को इस बारे में पता नहीं था, पिछले दिनों जब हरियाणा (Haryana) में पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो उनकी शादी का खुलासा हुआ।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, हरियाणा के जींद के पास आदमपुर मंडी की रहने वाली 22 साल की लड़की करीब एक साल पहले अपनी बहन के ससुराल चूरू के रतनगढ़ में आई थी। यहां उसकी दोस्ती बहन की 18 साल की ननद से हो गई। साथ रहते-रहते दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और यह प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने का फैसला किया और परिजनों को इस बारें में बताया। परिजनों ने दोनों की बात सुनी और दोनों को खूब डांट लगाई। जिसके बाद 12 नवंबर, 2021 को रतनगढ़ की युवती अपने घर से निकल कर हरियाणा पहुंच गई और दोनों ने फतेहाबाद में जाकर शादी कर ली।

चूरू का पहली ऐसी शादी
ममता नायक चूरू के रतनगढ़ की और कृष्णा नायक हरियाणा की रहने वाली हैं। रिश्तेदारी में होने के कारण पहले से जान-पहचान थी। वहीं जब परिवार वालों को इस बात की जानकारी लगी तो उनका कहना है कि किसी ने दोनों पर जादू-टोना करा दिया है। बता दें कि चूरू में यह पहला लेस्बियन यानी समलैंगिक रिलेशनशिप का मामला है, जो सामने आया है। पुलिस के मुताबिक ममता नायक ने कहा कि वह स्वतंत्र जीवन जीना चाहती है। वहीं कृष्णा ने कहा कि वह और उसकी प्रेमिका एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। परिवार के साथ-साथ पुलिस और अधिकारियों ने दोनों को समझाया, मगर वे नहीं मानीं। पुलिस ने बताया कि लड़कियों ने हरियाणा में लिव इन रिलेशनशिप के कागज बनवाए हैं। इनके पास शादी का कोई दस्तावेज नहीं है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज 
रतनगढ़ पुलिस थाने के ASI जगदीश सिंह ने बताया कि रतनगढ़ और हरियाणा की रहने वाली लड़कियां रिश्तेदार हैं। 14 नवंबर को ममता नायक के पिता बंशीलाल नायक ने बेटी के लापता होने का मामला दर्ज करवाया था। तलाश करते-करते लड़की के हरियाणा में होने का पता चला। ममता के माता-पिता के साथ पुलिस वहां पहुंची तो दोनों ने बताया कि वे 12 नवंबर 2021 को घर से भागकर हरियाणा के फतेहाबाद में शादी कर चुकी हैं। रतनगढ़ पुलिस 10 जनवरी को दोनों को पकड़कर लेकर आई। दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों को साथ जाने दिया। लड़कियां वापस हरियाणा चली गईं हैं।

इसे भी पढ़ें-दो लड़कियां और दोनों डॉक्टर, अब एक साथ बिताएंगी जिंदगी, जल्द गोवा में करेंगी शादी

इसे भी पढ़ें-न्यूयॉर्क के एक कपल से प्रभावित होकर चचेरी बहनों ने की समलैंगिक शादी,परिवार वालों ने बनाया दबाव तो ली ये फैसला

 

Share this article
click me!