Hari-Har Milan Ujjain: बाबा महाकाल क्यों जाते हैं गोपाल मंदिर, जानें हरि-हर मिलन परंपरा का रहस्य?

Published : Nov 23, 2026, 10:28 AM IST
Hari-Har Milan Ujjain

सार

Hari-Har Milan 2026: उज्जैन में कईं अनोखी परंपराएं निभाई जाती हैं, हरि-हर मिलन की परंपरा भी इनमें से एक है। इस परंपरा में बाबा महाकाल पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर जाते हैं और प्रतीकात्मक रूप से सृष्टि का भार कान्हाजी को सौंपते हैं।

Hari-Har Milan Tradition: मध्य प्रदेश के उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी पर 22 नवंबर, रविवार रात हरि-हर मिलन की परंपरा निभाई गई। इस खास मौके पर बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचे। यहां भगवान द्वारकाधीश और महाकाल का विशेष पूजन किया गया। इस अद्भुत धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकली सवारी

वैकुंठ चतुर्दशी की रात करीब 11 बजे बाबा महाकाल की सवारी महाकालेश्वर मंदिर से रवाना हुई। भगवान मनमहेश स्वरूप में चांदी की पालकी में विराजमान थे। सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार से होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बाबा महाकाल का स्वागत किया। कई जगह भक्त पहले से ही सड़क पर फूल बिछाकर सवारी के आने का इंतजार कर रहे थे।

ये भी पढ़ें-
Hari-Har Milan Ujjain: 10 तस्वीरों में देखें हरि-हर मिलन का नजारा, उज्जैन में निभाई गई अनोखी परंपरा

तुलसी और बिल्वपत्र की मालाओं का हुआ आदान-प्रदान

गोपाल मंदिर पहुंचने पर भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का वैदिक मंत्रों के बीच पूजन किया गया। दोनों देवताओं का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक भी हुआ। इसके बाद परंपरा के अनुसार बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई, जबकि भगवान द्वारकाधीश की ओर से महाकाल को तुलसी की माला पहनाई गई।

बाबा महाकाल ने सौंपा सृष्टि का भार

धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास के चार महीनों तक सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी की रात बाबा महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और प्रतीकात्मक रूप से सृष्टि का दायित्व भगवान विष्णु को वापस सौंपते हैं।

शैव और वैष्णव परंपराओं की एकता का संदेश

उज्जैन में हरि-हर मिलन की परंपरा को सौ साल से भी अधिक पुराना बताया जाता है। यह आयोजन भगवान शिव और विष्णु के एकात्म भाव के साथ शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच आपसी प्रेम और समन्वय का संदेश देता है। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।


PREV

धार्मिक परंपराओं, मंदिरों, त्योहारों, यात्रा स्थलों और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ी खबरें पढ़ें। पूजा पद्धति, पौराणिक कथाएं और व्रत-त्योहार अपडेट्स के लिए Religion News in Hindi सेक्शन देखें — आस्था और संस्कृति पर सटीक और प्रेरक जानकारी।

Read more Articles on

Recommended Stories

Vaikuntha Chaturdashi Vrat Katha: वैकुंठ चतुर्दशी पर क्यों होती है महादेव संग विष्णु की पूजा? जानें रोचक कथा
Dev Diwali 2026: देव दिवाली पर किस तरह करें दीपदान? जानें मंत्र, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त