
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके जवाब में RR के गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत दिलाई और 13 रन के स्कोर पर सुनील नारायण को आउट कर दिया।
पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद केकेआर की पारी को रहमनुल्लाह गुरबाज और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 56 रन जोड़े। उसके बाद गुरबाज 35 बनाकर महिष तीक्षना की गेंद पर आउट हो गए।
उसके बाद अजिंक्य रहाणे ने अंगकृष रघुवंशी के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 42 रन जोड़े। पारी आगे बढ़ ही रही थी, तभी रहाणे 30 रन बनाकर रियान पराग के शिकार हो गए।
मिडिल ऑर्डर में अंगकृष रघुवंशी और आंद्रे रसल ने मिलकर केकेआर की पारी को तेज किया और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 33 गेंदों में 66 रन जोड़े। रघुवंशी 44 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे।
अंत के ओवरों में इस सीजन पहली बार आंद्रे रसल का बल्ला गरजा और उन्होंने 25 गेंदों में 4 चौके 6 छक्के की मदद से 57 रन बनाए। उसके बाद रिंकू सिंह ने भी 6 गेंदों पर 19 रन बनाकर टीम को 205 रन तक पहुंचा दिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की पारी को पहला झटका वैभव सूर्यवंशी के रूप में लगा। वैभव केवल 4 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
रन चेज में राजस्थान रॉयल्स पूरी तरह से शुरुआत में बिखर गई। 71 रन के स्कोर पर टीम के कुल 5 बल्लेबाज पैवेलियन लौट गए। केएस राठौर 0, वाणिंदू हसरंगा 0, ध्रुव जुरेल 0 का विकेट गिरा। इन 3 खिलाड़ियों का खाता भी नहीं खुला। जिसके चलते टीम मुश्किल में पूरी तरह से पड़ गई।
एक समय रन चेज में पिछड़ रही राजस्थान रॉयल्स को रियान पराग और सिमरन हेटमायर का साथ मिला। दोनों ने मिलकर अच्छी साझेदारी करते हुए 48 गेंदों पर 92 रन बनाए। जिसके चलते कुछ हद तक उनकी टीम ने मुकाबले में वापसी कर ली।
मैच का रुख एक समय राजस्थान रॉयल्स की ओर उस समय मुड़ गया, जब रियान पराग ने 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के मार दिए। पहले मोईन अली को लगातार 5 छक्के मार, फिर वरुण चक्रवर्ती की पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया। उनकी इस पारी ने मैच को रोमांचक बना दिया।
असली मजा 20वें ओवर में आया। राजस्थान को जीत के लिए 22 रनों की जरूरत थी। जवाब में शुभम दुबे जोफ्रा आर्चर ने मिलकर मैच को बेहद करीब ला दिया। अंतिम गेंद पर 3 रन चाहिए थे, लेकिन दूसरे रन लेने के चक्कर में बल्लेबाज रन आउट हो गए और इस मुकाबले को केकेआर ने 1 रन से जीत लिया।