
Suryakumar Yadav 15 Ball Fifty: भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में शानदार वापसी की है। उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि हर कोई हैरान रह गया। हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में सूर्यकुमार ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। आईपीएल 2026 के बाद सूर्यकुमार पहली बार किसी प्रतिस्पर्धी मुकाबले में खेलने उतरे थे। इस मैच में वह मुंबई टीम की कप्तानी कर रहे थे। मैदान पर उतरते ही उन्होंने अपने पुराने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। हैदराबाद के गेंदबाज उन्हें रोकने में नाकाम रहे।
इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की। उन्होंने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने पर ध्यान दिया। सूर्या ने अपनी 21 गेंदों की पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 285.71 रहा। सूर्यकुमार ने केवल 15 गेंदों में 50 रन पूरे कर लिए। उनकी बल्लेबाजी में शानदार लय देखने को मिली। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और हैदराबाद के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। मुंबई को जीत के लिए 173 रन बनाने थे। सूर्यकुमार की तेज बल्लेबाजी ने इस लक्ष्य को आसान बना दिया। वह आखिरी तक क्रीज पर टिके रहे और नाबाद 60 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
सूर्यकुमार यादव के अलावा मुंबई के बल्लेबाज मुशीर खान ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 24 गेंदों में 51 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। वहीं, सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंदों में 27 रन बनाए। विकेटकीपर हार्दिक तामोरे ने भी 16 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों ने मुंबई को तेज शुरुआत दिलाई और टीम की जीत का रास्ता आसान किया।
मुंबई की पारी के आखिर में शिवम दुबे ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने केवल 5 गेंदों में नाबाद 13 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 छक्के निकले। मुंबई ने 173 रनों का लक्ष्य 13.1 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम ने 41 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।