
Hanuman Ansh Movie: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय और दिलचस्प पोस्ट के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। क्रिकेट से जुड़ी पोस्ट के अलावा वह कई बार आध्यात्मिक और मोटिवेशनल विषयों पर भी अपनी राय रखते नजर आते हैं। अब सहवाग ने सोशल मीडिया पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने बताया कि वह पिछले 10 साल से नीम करौली बाबा के भक्त हैं और फिल्म ‘हनुमान अंश’ को देखकर उनका मन बेहद खुश हुआ।
वीरेंद्र सहवाग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपनी आध्यात्मिक यात्रा और नीम करौली बाबा से जुड़े अनुभवों के बारे में बताया। सहवाग ने कहा कि करीब 10 साल पहले उनके एक दोस्त ने उन्हें बाबा नीम करौली के चमत्कारों के बारे में बताया था। इसके बाद से ही उनकी बाबा में आस्था बढ़ती चली गई और वह उनके बड़े भक्त बन गए।
सहवाग ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म में बाबा नीम करौली के व्यक्तित्व और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “महाराज जी की लीला बहुत निराली है। उनको समझना शायद संभव नहीं है, उनकी कृपा को महसूस करना जरूर संभव है।” इसके साथ ही उन्होंने लोगों से ‘हनुमान अंश’ देखने की अपील करते हुए लिखा, “हनुमान अंश एक महान संत की अद्भुत यात्रा, जरूर देखिए। जय सियाराम। जय जय जय नीम करौली बाबा।”
वीडियो में वीरेंद्र सहवाग ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ उन्हें बेहद अच्छी फिल्म लगी। हालांकि, फिल्म का एक सीन उनके दिल को खास तौर पर छू गया। उन्होंने बताया कि एक सीन में बाबा नीम करौली के पूरे शरीर पर सांप लिपटे हुए नजर आते हैं। सहवाग के मुताबिक, फिल्म में दिखाया गया यह प्रसंग उन्हें बेहद भावुक कर गया, क्योंकि यह घटना बाबा नीम करौली से जुड़ी सच्ची घटना पर आधारित बताई जाती है। इस सीन ने सहवाग पर गहरा प्रभाव डाला।
और पढे़ं- बजट से 30 गुना कमा चुकी 'हनुमान अंश' का आएगा दूसरा पार्ट, जानिए क्या होगी कहानी?
वीरेंद्र सहवाग ही नहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी बाबा नीम करौली के बड़े भक्त माने जाते हैं। हाल ही में विराट कोहली के फोन के वॉलपेपर पर भी बाबा नीम करौली की तस्वीर नजर आई थी। विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ कई बार कैंची धाम भी जा चुके हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट के इन दिग्गज खिलाड़ियों की बाबा नीम करौली के प्रति आस्था एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
1. वीरेंद्र सहवाग कितने साल से नीम करौली बाबा के भक्त हैं?
सहवाग के मुताबिक, वह करीब 10 साल से नीम करौली बाबा के भक्त हैं।
2. ‘हनुमान अंश’ फिल्म को लेकर सहवाग ने क्या कहा?
सहवाग ने फिल्म की तारीफ की और कहा कि इसे देखकर उनका मन बेहद खुश हुआ। उन्होंने लोगों से फिल्म देखने की अपील भी की।
3. क्या विराट कोहली भी नीम करौली बाबा के भक्त हैं?
हां, विराट कोहली भी नीम करौली बाबा के प्रति अपनी आस्था के लिए चर्चा में रहे हैं और अनुष्का शर्मा के साथ कैंची धाम जा चुके हैं।