एक मैच, सैकड़ों करोड़ की कमाई
आधिकारिक आंकड़ों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के एक मुकाबले से करीब 200 करोड़ रुपये तक का विज्ञापन राजस्व जुड़ा होता है। इसके अलावा टिकट बिक्री, डिजिटल व्यूअरशिप और स्पॉन्सरशिप डील्स से भी भारी कमाई होती है। अगर यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं होता, तो ICC को करोड़ों रुपये का सीधा नुकसान झेलना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, ब्रॉडकास्टर्स और डिजिटल पार्टनर्स ICC से नुकसान की भरपाई की मांग भी कर सकते हैं, जिसकी रकम कई सौ करोड़ तक पहुंच सकती है।
पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से भारत के खिलाफ मैच से हटने के फैसले को ICC गंभीर उल्लंघन के तौर पर देख सकता है। नियमों के तहत किसी भी टीम का टूर्नामेंट के तय शेड्यूल से हटना अनुशासनहीनता माना जाता है। ऐसी स्थिति में ICC, PCB के खिलाफ कड़े कदम उठा सकता है। इसमें पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करने से लेकर भविष्य के टूर्नामेंट्स में प्रतिबंध तक के विकल्प शामिल हैं।