Kuldeep Yadav Wedding Video: वर्ल्ड चैंपियन स्पिनर कुलदीप यादव अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं। मसूरी की ठंडी वादियों में कुलदीप और वंशिका चड्ढा की शादी बेहद सादगी और रॉयल अंदाज में हुई। बारात में खुद कुलदीप यादव ने जमकर ठुमके लगाए, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
Kuldeep Yadav Wedding First Photo: टीम इंडिया के 'चाइनामैन' गेंदबाज कुलदीप यादव अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर चुके हैं। मसूरी की हसीन वादियों में उन्होंने अपनी मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लिए। उनकी शादी की पहली तस्वीर और वीडियो भी सामने आ चुके हैं। रविवार को उत्तराखंड के मसूरी के सवाय होटल में कुलदीप और वंशिका हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। जैसे ही इस जोड़े की पहली तस्वीर सामने आई, फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फोटो में दोनों के चेहरे पर शादी की चमक और खुशी साफ देखी जा सकती है। कुलदीप जहां शेरवानी में किसी राजकुमार की तरह दिख रहे हैं, वहीं वंशिका ने अपने ग्रेसफुल लुक से सबका दिल जीत लिया।
जमकर नाचे 'दूल्हे राजा', बरात में मचा धमाल
शादी से पहले जब कुलदीप की बरात निकली, तो नजारा देखने लायक था। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कुलदीप के दोस्तों और रिश्तेदारों ने जमकर डांस किया। लेकिन असली महफिल तो तब जमी जब खुद कुलदीप यादव ने अपने ठुमकों से सबको हैरान कर दिया। 'दूल्हे राजा' को नाचता देख बरात में पहुंचे मेहमानों का भी उत्साह दोगुना हो गया।
रिंकू सिंह और चहल समेत कई क्रिकेटर पहुंचे
इस शादी में क्रिकेट जगत के कई दिग्गज पहुंचे, लेकिन सबकी नजरें युजवेंद्र चहल पर टिकी थीं। 'कुलचा' की मशहूर जोड़ी के दूसरे पार्टनर युजी चहल अपने जिगरी दोस्त की शादी में साये की तरह साथ रहे। उनके अलावा टीम इंडिया के फिनिशर रिंकू सिंह भी अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ इस खास पल का हिस्सा बने। दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना और उत्तर प्रदेश क्रिकेट के कई पुराने साथी भी कुलदीप की शादी में शामिल हुए।
कुलदीप की शादी की खास बातें
यह शादी मसूरी के ऐतिहासिक सवाय होटल में हुई। इसमें सादगी और भव्यता देखने को मिली। युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेश रैना और कई अन्य क्रिकेटर स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचे। धीरेंद्र शास्त्री भी इस शादी में शामिल हुए।


