
doctor attacked in gaya: जहां इलाज होना था, वहां इंसानियत पर हमला हो गया। बिहार के गया में मंगलवार को ऐसा दृश्य सामने आया जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ग्रामीण डॉक्टर, जो बीमार महिला के इलाज के लिए घर पहुंचा था, उसे पेड़ से बांधकर बुरी तरह पीटा गया। वजह वह घर रेप पीड़िता का था। और गुनहगारों को शायद उसके वहां आना भी गवारा नहीं हुआ।
घटना गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र की है। पीड़ित ग्रामीण डॉक्टर का नाम जितेंद्र यादव है। वह मंगलवार को एक बीमार महिला का इलाज करने रेप पीड़िता के घर पहुंचे थे। लेकिन तभी अचानक आधा दर्जन से ज्यादा लोग घर में घुस आए। पहले डॉक्टर को मारते हुए घर से बाहर खींचा गया और फिर एक पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। डॉक्टर लहूलुहान हो गया। घटनास्थल पर ग्रामीण भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
जानकारी के मुताबिक, 2021 में इस घर की नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप हुआ था। तीन लोगों पर मामला दर्ज हुआ था। हाल ही में पीड़िता ने कोर्ट में गवाही दी थी, जिसके बाद एक आरोपी गिरफ्तार हुआ। तभी से परिवार को धमकियां मिल रही थीं। माना जा रहा है कि यही घटना इस हमले की जड़ है। आरोपियों को शक था कि डॉक्टर परिवार का करीबी है, इसलिए उसे निशाना बनाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने डॉक्टर को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बाद में उन्हें मगध मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि यह दो पक्षों के बीच जमीन विवाद का मामला है। उनका कहना है कि मीना देवी और बसंती देवी के परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद था, और डॉक्टर शायद एक पक्ष के करीब थे। लेकिन जिस तरह से एक रेप पीड़िता के घर आए डॉक्टर को टारगेट किया गया, उसने पूरे केस को गहरी साजिश का रूप दे दिया है।
इस घटना के बाद बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “अगर डॉक्टर भी अब सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा? रेप पीड़िता के घर आना ही अब सजा बन गया है।”
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।