बेगुसराय में पीएम मोदी ने कहा- मैं दिल्ली को बेगुसराय ले आया हूं, देश की डेढ़ लाख करोड़ के प्रोजेक्ट यहां से हुआ लांच

झारखंड और पश्चिम बंगाल का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने कई परियोजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास करने के बाद दो जनसभाओं को भी संबोधित किया।

Dheerendra Gopal | Published : Mar 2, 2024 10:49 AM IST / Updated: Mar 02 2024, 06:22 PM IST

PM Narendra Modi Bihar Visit: बेगुसराय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार सहित पूरे देश के लिए यहां से एक लाख साठ हजार करोड़ रुपये  के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। डेढ़ लाख करोड़ से भी ज्यादा का उद्घाटन शिलान्यास किया। पहले ऐसे कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित होते थे लेकिन मोदी दिल्ली को बेगुसराय ले आया। आज बिहार का पुराना गौरव लौट आया है। उन्होंने कहा कि आज की यह परियोजनाएं बिहार में सुविधा और समृद्धि का रास्ता बनाएगी।

झारखंड और पश्चिम बंगाल का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने कई परियोजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास करने के बाद दो जनसभाओं को भी संबोधित किया। औरंगाबाद में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करने के बाद बेगुसराय में लोगों को संबोधित किया। इसके पहले देश की विभिन्न परियेाजनाओं जिसकी लागत करीब 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये है, का उद्घाटन-शिलान्यास बेगुसराय से ही किया। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत की विभिन्न परियोजनाएं इसमें शामिल रहीं। इसमें 27 हजार करोड़ रुपये की लागत की बिहार की भी कई परियोजनाएं शामिल थीं।

बिहार विकसित होगा तभी देश विकसित होगा

पीएम मोदी ने कहा कि यह विकास परियोजनाएं लोगों की सुविधा के लिए है। तभी तो देश का बच्चा-बच्चा कह रहा है कि अबकी बार…एनडीए सरकार…400 पार। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार बनी थी तो मैंने कहा था कि पूर्वी भारत का विकास मेरी प्राथमिकता। बिहार जब सशक्त रहेगा तो पूरा देश मजबूत रहेगा। बिहार में स्थितियां खराब हुई तो देश पर भी असर पड़ा। इसलिए बेगुसराय से पूरे बिहार को कहता हूं कि बिहार विकसित होगा तो देश विकसित होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के लोग मुझे बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। और जब यहां आया हूं तो यह दोहराना चाहता हूं कि यह वादा नहीं है, यह संकल्प है। आज जो प्रोजेक्ट बिहार को मिले हैं या देश को मिले हैं वह देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उर्जा, उर्वरक और कनेक्टिविटी…यही तो विकास का आधार है। जब इन पर तेजी से काम चलता है तो स्वभाविक है रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं और रोजगार भी मिलता है। 

मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि बरौनी का कारखाना बंद पड़ा था। उसे मैंने चालू करने की गारंटी ली थी। मोदी ने वह गारंटी पूरी कर दी। यह बिहार सहित पूरे देश के किसानों के लिए बहुत बड़ा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार की बेरूखी के कारण पुराने कारखाने बंद पड़े थे। लेकिन आज सब काम कर रहे हैं। इसलिए देश कहता है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी।  रिफाइनरी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी लोगों को उर्जा देगी। यह पहले दिन से ही लोगों को रोजगार देगी और भारत को विकसित बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार को 65 हजार करोड़ की परियोजनाएं पेट्रोलियम और गैस के मिले हैं। बिहार के कोने कोने में गैस पाइपलाइन से सस्ती गैस यहां के लोगों को मिल रहा है। यहां उद्योग लगाने में लोगों को आसानी हो रहा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में तेल कुओं से तेल का उत्पादन शुरू हो चुका है। इससे हमारे देश की विदेशों पर निर्भरता कम होगी। 

पहले हजारों करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा के लिए कई सौ बार सोचना पड़ता

पीएम मोदी ने कहा कि 2005 से पहले के हालात होते तो बिहार में हजारों करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा करने के पहले सौ बार सोचना पड़ता। सड़क, पानी, बिजली के बारे में क्या स्थिति थी, यह आपसे अधिक कौन जानता है। दस साल पहले बिहार में रेल के संसाधनों को कैसे लूटा गया यह इस राज्य से अधिक कौन जानता है। लेकिन अब विकास हो रहा है। रेलवे विकास कर रहा है। रेलवे स्टेशन भी एयरपोर्ट की तरह बन रहे हैं। 

बिहार में वंशवाद ने विकास रोका, नीतीश जी बिहार को आगे बढ़ा रहे

मोदी ने कहा कि बिहार ने परिवारवाद का दंश झेला है। परिवारवाद विशेषरूप से नौजवानों की प्रतिभा का सबसे बड़ा दुश्मन है। नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। आरजेडी और कांग्रेस के लोग परिवारवाद को उचित ठहराने के लिए दलित-वंचित और पिछडों को ढाल बनाते हैं। यह सामाजिक न्याय नहीं बल्कि समाज के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि क्या कारण है कि सिर्फ एक ही परिवार का सशक्तिकरण हुआ और समाज के बाकी परिवार पीछे रह गए। एक परिवार के लोगों ने नौकरी के नाम पर युवाओं के जमीनों पर कब्जा किया, इसे पूरे देश ने देखा है। सच्चा सामाजिक न्याय, तुष्टिकरण से नहीं संतुष्टिकरण से आता है। मोदी ऐसे ही सामाजिक न्याय को मानता है। जब मुफ्त राशन हर लाभार्थी को मिलता है, जब पक्का घर, टॉयलेट हर गरीब को मिलता है…जब गरीब से गरीब को मुफ्त इलाज मिलता है तब सैचुरेशन होता है और यही सच्चा सामाजिक न्याय है। पिछले दस वर्षों में मोदी की यह गारंटी जिन परिवारों तक पहुंची है उनमें से सबसे अधिक दलित, पिछड़े और अति पिछड़े ही हमारे परिवार है। बीते दस सालों में एक करोड़ बहनों को हम लखपति दीदी बना चुके हैं। मुझे खुशी है कि इसमें बिहार की लाखों बहनें हैं जो अब लखपति दीदी बन चुकी हैं। अब मोदी ने तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गारंटी दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल में हमने बिजली का बिल शून्य करने और बिजली से कमाई करने की भी योजना शुरू की है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिहार को भी लाभ होने वाला है। बिहार की सरकार भी हर वर्ग के लिए लगातार काम कर रही है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार विकसित होकर रहेगा। आज इतना बड़ा बिहार का उत्सव हम मना रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:

हिमाचल प्रदेश में होने वाला है कुछ बड़ा खेल, विक्रमादित्य सिंह दिल्ली में करेंगे बीजेपी के 'बड़े नेता' से मुलाकात

Read more Articles on
Share this article
click me!