
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। राज्य की सियासी फिजा में एक ओर जहां कांग्रेस आज पटना में अपनी वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर आरजेडी ने चुनावी माहौल को गरमाने के लिए तेजस्वी यादव पर आधारित नया गाना, 'काम के नेता बा भैया काम के नेता' लॉन्च किया है।
आरजेडी का यह गाना लगभग 2 मिनट 41 सेकेंड का है और इसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो की शुरुआत उगते सूर्य और तेजस्वी यादव की बिहार प्रगति की छवि के साथ होती है। वीडियो में उनके 17 महीनों के कार्यकाल के दौरान किए गए महत्वपूर्ण कामों और योजनाओं को विशेष रूप से उजागर किया गया है। पार्टी ने इसे सिर्फ प्रचार सामग्री के रूप में नहीं बल्कि महागठबंधन के भीतर संदेश देने वाला राजनीतिक हथियार माना है।
सियासी जानकार मान रहे हैं कि यह वीडियो कांग्रेस पर दबाव डालने की रणनीति का हिस्सा है। बिहार में महागठबंधन का सीएम चेहरा अभी तक तय नहीं हुआ है, और कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय चुनाव के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा। ऐसे में RJD ने अपने गाने के माध्यम से यह संकेत दे दिया कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के लिए प्रमुख चेहरा हैं और उनका योगदान चुनावी मोर्चे पर सबसे अहम रहेगा।
CWC की बैठक में महागठबंधन की सीट बंटवारे, मुख्यमंत्री चेहरे का चुनाव, ईबीसी और ओबीसी समुदायों के लिए रणनीति, तथा आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई अन्य राष्ट्रीय नेता बैठक में शामिल हैं।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि RJD का यह गाना केवल प्रचार सामग्री नहीं है, बल्कि महागठबंधन के भीतर संभावित मतभेदों पर दबाव बनाने और कांग्रेस को निर्णायक फैसलों के लिए प्रेरित करने की कोशिश है। गाने में तेजस्वी यादव के कामों को ऐतिहासिक बताया गया है, जिससे यह संदेश भी स्पष्ट होता है कि RJD सत्ता की लालसा में नहीं बल्कि बिहार के विकास और महागठबंधन की मजबूती में विश्वास रखता है।
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।