
Railway News Chhattisgarh: सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हुई है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन निर्धारित समय सुबह 7.30 बजे अम्बिकापुर से रवाना हुई। इस अवसर पर सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से चलेगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब ट्रेन का अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने से सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। नई सेवा शुरू होने के पहले दिन यात्रियों में भी उत्साह दिखाई दिया। रायगढ़, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे।
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेन की सेवा सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन की है। इससे अम्बिकापुर के साथ-साथ मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें- Naxal Free Chhattisgarh: बस्तर में बदली तस्वीर! Dy CM विजय शर्मा ने बताया शांति से विकास तक का सफर
डीआरएम ने बताया कि अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। कोचिंग सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है। भविष्य में और ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए जरूरी अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।